धोखेबाजों को पकड़ने गई क्राइम ब्रांच टीम पर श्वान छोड़ दिया, एसआई-सिपाही को काटा

 

इंदौर। धोखाधड़ी के आरोपियों को पकड़ने गई क्राइम ब्रांच पर श्वान ने हमला कर दिया। श्वान ने एसआई और सिपाही को काट लिया।पुलिस ने मारपीट,श्वान से कटवाने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज किया है।आरोपी पुलिस अधिकारी बन लोगों को धमकाता था। वह स्वयं को प्रदेश कार्य समिति अनुसूचित जाति मोर्चा का अध्यक्ष भी बता रहा था।
घटना बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित भागीरथपुरा की है। एसआई मनीष लोहरिया धोखाधड़ी के आरोपी देवेंद्र मनकेले को गिरफ्तार करने पहुंचे थे।
दबिश के दौरान देवेंद्र की पत्नी पिंकी और भाई महेंद्र ने पुलिस से हाथापाई शुरू कर दी। पालतू श्वान छोड़ दिया। श्वान ने एसआई को काट लिया।
सिपाही देवराज बघेल को भी घायल कर दिया। पुलिस पर हमले की खबर मिलते ही बाणगंगा पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
अपराध शाखा के डीसीपी निमिष अग्रवाल के मुताबिक आरोपी देवेंद्र के खिलाफ केस दर्ज है। उसने पुलिस अधिकारी बनकर एक कारोबारी के साथ ठगी की थी। उसकी कार भी ठगी में इस्तेमाल हुई थी। कार पर पुलिस का मोनो और हूटर लगा कर घूमता था।

 

92 लाख रुपये की धोखाधड़ी

इंदौर। बाणगंगा पुलिस ने अहिल्या माता कालोनी राणीसती निवासी इला विजय शाह की शिकायत पर भौंरासला निवासी सुरेश,सफी उर्फ छोटू ,शहजाद,राजेश ठाकुर के खिलाफ 92 लाख रुपये की धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों से 20 अक्टूबर 2014 को जमीन खरीदी थी। आरोपियों ने दो रजिस्ट्री कर उनके साथ धोखाधड़ी की है।