इंदौर में अमित शाह ने कमलनाथ को करप्शननाथ, दिग्विजय को कहा बंटाधार

केंद्रीय गृह मंत्री ने मालवा से किया चुनावी शंखनाद, भाजपा को चुनाव बूथ पर बैठा कार्यकर्ता जिता सकता है…

देवी अहिल्या ने गुलामी के अवशेष मिटाने की शुरुआत की थी, पीएम मोदी उसे आगे बढ़ा रहे

इंदौर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मध्यप्रदेश में मालवा से भाजपा के चुनावी अभियान का रविवार को आगाज कर दिया । उन्होंने इंदौर में भाजपा के विजय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। शाह ने कार्यकर्ताओं को 2023 और 2024 के चुनावी जीत का संकल्प दिलाया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। शाह ने पूर्व सीएम कमलनाथ को करप्शन नाथ और दिग्विजय सिंह को श्रीमान बंटाधार कहकर संबोधित किया।
इंदौर में विधानसभा नंबर दो स्थित कनकेश्वरी गरबा मैदान पर आयोजित संभाग के बूथ लेवल कार्यकर्ता सम्मेलन में शाह ने कहा धारा 370 को कांग्रेस ने बच्चे की तरह सालों तक पाल रखा था। पीएम मोदी ने धारा 370 खत्म कर कश्मीर को भारत से जोड़ने का काम किया है। मोदी की सरकार आने पर पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकियों की धज्जियां उड़ाने का काम हमारी सेना ने किया है।
इंदौर में भाजपा के विजय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन के मंच पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कमल के फूलों की माला से स्वागत किया गया।

मोदी ने पूरी दुनिया में भारत का झंडा बुलंद: शाह

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने देवी अहिल्या को प्रणाम कर अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्या बाई ने गुलामी के अवशेष को मिटाने की पहल की थी। जिसे हमारे नेता पीएम मोदी आगे बढ़ा रहे है। पीएम मोदी ने पूरी दुनिया में भारत का झंडा बुलंद करने का काम किया है। वे कहीं भी जाएं लोग मोदी-मोदी के नारे लगाते हैं। ये नारे मोदी के लिए नहीं, भाजपा के लिए नहीं, बल्कि भारत की एक सौ तीस करोड़ जनता के सम्मान में लग रहे हैं। अमित शाह ने विपक्षी एकता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ये लोग धारा 370 खत्म करने का विरोध करते थे। ये नाम बदले तो भी कोई इन्हें वोट देगा क्या? अयोध्या में राम लला टेंट में विराजमान थे। कांग्रेस मंदिर के काम को लटका रही थी।

कमलनाथ ने जनकल्याण की योजनाएं बंद कर दी थी: शाह

शाह ने कमलनाथ को करप्शननाथ और दिग्विजय सिंह को बंटाधार कहकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कमलनाथ की सरकार डेढ़ साल चली। हमारे शिवराज सिंह ने जो योजनाएं शुरू की थी, उन्हें कमलनाथ ने बंद कर दी थी। योजनाओं का पैसा खाने के लिए उन्हें बंद कर दिया। शाह ने कहा कि वो एक भी इंडस्ट्री नहीं लाए। लेकिन ट्रांसफर इंडस्ट्री जरूर लागू कर दी। उन्होंने डेढ़ साल के अंदर बंटाधार का का शासन याद दिलाने का काम किया।

भाजपा को चुनाव बूथ पर बैठा कार्यकर्ता जिता सकता है

भाजपा को चुनाव बूथ पर बैठा कार्यकर्ता जिता सकता है। आज यहां से संकल्प लेकर जाना है कि प्रचंड बहुमत के साथ 2023 में भाजपा की सरकार बनाना है। और 2024 में लोकसभा की एमपी की सभी 29 सीटें जीतकर मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने दीप प्रज्जवलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया।

कांग्रेस ने प्रदेश का कबाड़ा कर दिया था- शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि संघर्ष का शंख बज गया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित औ समृद्ध बन गया है। आज पूरी दुनिया मोदी मोदी का मंत्र जप रही है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने पहले भी प्रदेश का कबाड़ा किया। सड़क, बिजली, पानी कुछ नहीं था। फिर सवा साल के लिए कमलनाथ आए तो विकास के कोई काम नहीं हुए। उन्होंने पीएम मोदी की योजनाओं का रोकने का पाप किया।

भाजपा 170 सीट जीतकर सरकार बनाएगी – विजयवर्गीय
भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा – ये आमसभा नहीं है, ये कार्यकर्ता सम्मेलन है। यहां सब कार्यकर्ता हैं। जो हमारी ताकत हैं। ये सब हमें चुनाव जीताते हैं। हमारे गृह मंत्री अमित शाह राजनीति के चाणक्य माने जाते हैं। धारा 370 हटाने का काम किसी ने किया तो अमित शाह ने किया। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस फर्जी सर्वे कर 150 सीट जीतने का दावा कर रही है। भ्रम फैला रही है, लेकिन कांग्रेस को 50 सीट और बीजेपी 170 सीट लाएंगी।

मप्र में चुनाव का आगाज हो चुका: तोमर

भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि अमित शाह का आना बता रहा हैं कि एमपी में चुनाव का आगाज हो चुका है। आज चुनाव की तैयारी का शुभारंभ हो रहा है। कार्यकर्ता ही भाजपा की ताकत है।

अमित शाह ने जानापाव में किया जलाभिषेक, भगवान परशुराम की भी की पूजा अर्चना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इंदौर के समीप जानापाव में जानकेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। उन्होंने ब्राह्मणों के आराध्य भगवान परशुराम की जन्मस्थली नवनिर्मित परशुराम मंदिर में पूजा अर्चना की। उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा मौजूद रहे।