रिटायर्ड अफसर के कर्मचारी की संदिग्ध मौत

 

इंदौर। खजराना क्षेत्र की गोयल विहार कॉलोनी में बिजली विभाग के रिटायर्ड अफसर के बंगले में पदस्थ कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतक 50 वर्षीय दिनेश पटेल है। शाम को साथी कर्मचारी उसे देखने पहुंचा, तो वह बेसुध पड़ा मिला। एमवायएच में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। दोस्त के मुताबिक दिनेश मूल रूप से खंडवा का रहने वाला था।

कचौरी-समोसा व्यापारी ने लगाई फांसी

मल्हारगंज पुलिस के अनुसार इलाके में रहने वाले 37 वर्षीय कपिल मोदी ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। छोटे भाई विनय ने बताया कि उनकी सराफा थाने के सामने कचौरी-समोसे की दुकान है। भाई नशे का आदी था।

______

नवविवाहिता ने देवरानी के कमरे में जाकर लगा ली फांसी

इंदौर | खुड़ैल इलाके में रहने वाली एक नवविवाहिता ने देवरानी के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। दो महीने पहले ही शादी हुई थी। मौत का कारण अभी पता नहीं चला है, पुलिस मामले की जांच कर रही है। खुड़ैल पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय मृतक छमिया पति सतीश पंवार निवासी आठ मील है। पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम 5-6 बजे छमिया की देवरानी थाने पहुंची और बताया कि जेठानी सुबह 7 बजे से लापता है। हमने उन्हें ढूंढा, लेकिन नहीं ​मिली। जब घर से दूर अन्य मकान पर देवरानी के मकान पर गए तो वहां छमिया फंदे पर लटकी हुई मिली।
उधर, युवती के पिता ने बताया कि बेटी की दो महीने पहले ही शादी हुई थी। शनिवार रात 9 बजे मेरे घर पर जमाई आया। उसने बताया कि छमिया सुबह से लापता थी। हमारे तीन-चार घर हैं। एक घर में सब रहते हैं, बाकी में रात में सोने जाते हैं। शाम को छोटे भाई के घर पर पहुंचे तो वहां छमिया फंदे पर मिली।