एडमिशन के नाम से फर्जी वाड़ा करने और नकली डिग्री देने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

इंदौर। इंदौर की विजय नगर पुलिस ने एडमिशन के नाम से फर्जी वाड़ा करने और नकली डिग्री देने के मामले में निजी कॉलेज से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ 12वीं के स्टूडेंट ने शिकायत की थी। टीआई रविन्द्र गुर्जर के मुताबिक आशीष श्रीवास्तव निवासी पूनम कॉलोनी की शिकायत पर दिनेश पुत्र सेवकराम तरोले निवासी विजय नगर के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई धाराओं मे केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दिनेश को हिरासत में लिया है। उससे अभी पूछताछ की जा रही है। आशीष ने बताया कि उसने 12वीं तक पढ़ाई की है। उसे ग्रेजुएशन करना था। इसके लिए वह केके महाविद्यालय पहुंचा। यहां उसे दिनेश तरोले मिला। उसने बताया कि कॉलेज में एडिमशन करा देगा और तीन साल की डिग्री बिना कॉलेज आए दिलवा देगा। जिसके एवज में 45 हजार रुपए की बात तय हुई। आशीष ने इसमें 10 हजार रुपए एडंवास भी दे दिए। बाकी रुपए ग्रेजुएशन की मार्कशीट मिलने के बाद देना तय हुआ। दिनेश ने आशीष को एक लिफाफा दिया। जिसमें ग्रेजुएशन संबधित कुछ डॉक्यूमेंट मिले। जब आशीष ने यह लिफाफा खोला तो उसमें मिले डॉक्यूमेंट को लेकर शंका हुई। जिस पर संबंधित कॉलेज से जानकारी लेने पर उन्होंने इस तरह के डॉक्यूमेंट जारी करने से इनकार किया। इसके बाद मामले में आशीष ने उसे फर्जी समझकर मामले में थाने पर शिकायत की। जिसके बाद केस दर्ज कर आरोपी दिनेश को हिरासत में ले लिया गया।