रिटायर्ड अफसर के बंगले पर पदस्थ कर्मचारी की मौत:बेसुध हालत में मिला

इंदौर। इंदौर के खजराना में रहने वाले एक रिटायर्ड अफसर के बंगले पर पदस्थ कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। दूसरा कर्मचारी उसे देखने पहुंचा। इस दौरान वह बेसुध पड़ा मिला। उसे नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। यहां से उसे एमवाय भेजा गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। खजराना पुलिस के मुताबिक दिनेश (50 )पुत्र तुकाराम पटेल निवासी गोयल विहार कॉलोनी को उसका साथी कुंज बिहारी शनिवार करीब 4 बजे के लगभग बेसुध हालत में एमवाय लेकर पहुंचा। कुछ देर उपचार के बाद दिनेश की मौत हो गई। कुंज बिहारी ने बताया कि दिनेश गोयल विहार में रहने वाले एमबीईबी के रिटायर्ड अफसर प्रकाश कुलकर्णी के यहां काम करता है। दोपहर तक वह काम पर नहीं आया। जिसके बाद मैडम ने उसे देखकर आने के लिए कहा। जब कुंज बिहारी यहां पहुंचा तो दिनेश बेसुध पड़ा था। बाद में उसे नजदीक के असपताल ले गए। यहां से डॉक्टरों ने एमवाय रैफर कर दिया।