श्रावण का चौथे सोमवार, उज्जैन में महाकाल  के 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन 

–  रात 2.30 बजे खोले मंदिर के पट, फिर हुई भस्मारती, लगातार 20 घंटे चला दर्शन का सिलसिला   

 

दैनिक अवंतिका उज्जैन। 

श्रावण के अधिकमास में चौथे सोमवार को देशभर से लाखों श्रद्धालु उज्जैन में ज्योतिर्लिंग महाकाल के दर्शन करने उमड़े। मंदिर प्रशासन के मुताबिक दिनभर में 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिए थे। 

सोमवार को आधी रात में 2.30 बजे महाकाल मंदिर के पट खोले गए। इसके बाद पुजारियों ने भस्मारती की। बताया जाता है कि दर्शन के लिए बाहर से आए श्रद्धालु तो रात में ही लाइन में लग गए थे। जैसे ही भस्मारती समाप्त हुई। अल सुबह से दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया। जय महाकाल के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर व क्षेत्र गूंज उठा। मंदिर समिति हर 4 5 घंटों में दर्शनार्थियों की संख्या का अनुमान लगा रही है। सुबह 10 बजे तक महाकाल मंदिर में 1 लाख 70 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिए थे। दोपहर बाद यह आंकडा 2 लाख भी पार कर गया। दर्शन का सिलसिला दिन भर चलता रहा। रात 10.45 बजे शयन आरती के बाद मंदिर के पट बंद किए गए। इस दौरान महाकाल मंदिर में लगातार 20 घंटे तक भक्तों ने दर्शन किए। 

भस्मारती में भगवान महाकाल 

का राजा स्वरूप में दिव्य श्रृंगार

भस्मारती में भगवान महाकाल को पहले स्नाना कराया गया। गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का भी जलाभिषेक किया गया। पुजारी प्रदीप गुरु ने बताया शिवलिंग पर दूध, दही, घी, शक्कर, शहद से बने पंचामृत से अभिषेक किया। हरि ओम जल चढ़ाने के बाद कपूर आरती की गई व भांग, चंदन, अबीर, गुलाल आदि से राजा स्वरूप में श्रृंगार किया। चांदी के आभूषण धारण कराए गए। पुजारियों ने भस्मारती की व महानिर्वाणी के महंत ने  भस्म अर्पित की।

सोमवार को साधना सिंह सहित 

ये वीआईपी भी पहुंचे महाकाल 

श्रावण सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह,  सहित कई वीआईपी भी महाकाल दर्शन करने पहुंचे।

देश-विदेश में लाखों भक्त घर बैठे

कर रहे महाकाल के लाइव दर्शन 

मंदिर प्रबंध समिति ने देश-विदेश में रह रहे भगवान महाकाल के लाखों भक्तों को श्रावण के अधिकमास में भगवान के सीधे गर्भगृह से लाइव दर्शन कराने के लिए अपनी वेबसाइट www.mahakaleshwar.nic.in व फेसबुक पेज पर विशेष व्यवस्था की है। श्रद्धालु भी बाब की आरती, पूजा व दर्शन का लाभ ले रहे हैं।

–