संविधान निर्माता प्रतिमा स्थल पर कांग्रेस उपाध्यक्ष का धरना

उज्जैन। कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान टॉवर चौक पर नूरी खान के खिलाफ अशोभनीय नारेबाजी का मामला सामने आने पर मंगलवार को नूरी खान ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थल पर धरना दे दिया। ढाई घंटे बाद पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 294, 34 का प्रकरण दर्ज कर लिया।
कांग्रेस उपाध्यक्ष नूरी खान दोपहर में टॉवर चौक पहुंची और डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद हाथों में संविधान की प्रति लेकर धरने पर बैठ गई। मामला शनिवार रात टॉवर चौक पर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन में नूरी खान के खिलाफ अशोभनीय नारेबाजी का था। जिसमें प्रदर्शनकारियों ने बेहद गलत नारेबाजी करते हुए नूरी खान का नाम जोड़ा था। जिसका वीडियो सामने आने पर नूरी ने अपनी राजनैतिक और सामाजिक छबि धूमिल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर गिरफ्तारी की मांग रखी। रिमझिम बारिश में करीब ढाई घंटे तक धरने पर बैठी रही नूरी की जानकारी पुलिस को मिली तो माधवनगर टीआई मनीष लोधा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष को धरना समाप्त करने और थाने चलकर शिकायत दर्ज कराने के लिये कहा। नूरी अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंची जहां उनकी शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। नूरी खान ने पुलिस को उक्त नारेबाजी के वीडियो की पेन डाईव में एक क्लिप भी सौंपी है। मामले में नूरी का कहना था कि मैं बहुत दुखी हूं टॉवर पर भाजपा द्वारा एक विरोध प्रदर्शन किया जाता है। विरोध करना उनका संवैधानिक अधिकार है, जिसमें गलत टिप्पणी की उस पर वैधानिक कार्रवाई करना उचित है। लेकिन एक महिला को लड़ाई में शामिल करना और पूछा जाना नूरी तेरी क्या पहचान…। जबकि मेरी पहचान देश का संविधान है। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और नरोततम मिश्रा से पूछना चाहती हूं कि जो नारेबाजी की गई है क्या वह सही है, अगर सही है तो किसी नारी सम्मान की बात करते हैं।