फिर सक्रिय हुआ मानसून 10 घंटे में 2 इंच बारिश

उज्जैन। अगस्त माह की शुरूआत होते ही मानूसन फिर से सक्रिय होता दिखाई दिया है। मंगलवार तड़के 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक 10 घंटे में 2 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई है। बारिश से मौसम में ठंडक आते ही तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आई है। अब बारिश का औसतन आंकड़ा भी 30 इंच को पार कर चुका है।
पिछले तीन-चार दिनों से बारिश का क्रम थमा हुआ दिखाई दे रहा था और तापमान में तेजी आने लगी थी। लेकिन अगस्त माह की शुरूआत होते ही मानसून ने फिर से दस्तक दे दी। तडके 4 बजे तेज बारिश शुरू हुई और सुबह 8 बजे से 41 मि.मी. बारिश दर्ज हो गई। उसके बाद दोपहर 2 बजे तक रूक-रूककर तेज बारिश होती रही। जीवाजीराव वेधशाला पर शाम 5 बजे 52 मि.मी. बारिश का आंकड़ा दर्ज किया गया, जो 2 इंच से अधिक था। वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार गुप्त के अनुसार एक-दो दिन तक मानसून की सक्रियता बनी रहेगी। इस दौरान कभी तेज तो कभी धीमी बारिश होगी। बंगाल की खाड़ी के मध्य भागो में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। जिससे नमी का वातावरण बना है। मंगलवार को हुई बारिश के बाद तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आई है। हवा 8 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही थी, जिसे मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है। सुबह आर्द्रता का प्रतिशत 95 और शाम को 80 रहा। 15 जून से 1 अगस्त तक 746 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो 30 इंच के करीब है। शहर की औसतन बारिश का आंकड़ा 36 इंच है, जिसमें अब छह इंच की जरूरत रह गई है। वषार्काल को एक माह का समय बचा है, इस बार औसतन से अधिक बारिश का अनुमान दिखाई दे रहा है।