इंदौर से उज्जैन जाने वालों के लिए राह होगी आसान, लवकुश चौराहे पर बनेगा डबल डेकर ब्रिज

इसी माह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह करेंगे ब्रिज का भूमिपूजन, 146 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण होगा
नगर प्रतिनिधि  इंदौर
इंदौर विकास प्राधिकरण (आइडीए) द्वारा गांधीनगर चौराहे और लवकुश चौराहे पर बनने वाले फ्लाईओवर का भूमिपूजन इसी माह मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। लवकुश चौराहे पर शहर का पहला डबल डेकर ब्रिज बाणगंगा की तरफ से अरबिंदो अस्पताल तक बनेगा। 146 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण होगा। निर्माण पूरा होने से उज्जैन रोड पर जाने वाले वाहनों की राह आसान होगी।
लवकुश चौराहे पर 1452 मीटर लंबे छह लेन के डबल डेकर ब्रिज का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। यह पहला ब्रिज होगा। इसके नीचे से मेट्रो और फ्लाईओवर गुजरेंगे। डबल डेकर ब्रिज की चौड़ाई 24 मीटर और ऊंचाई 23 मीटर होगी। मेट्रो और फ्लाईओवर के कारण चौराहे पर 60 मीटर का स्पान रखा जाएगा। यह शहर का सबसे ऊंचा ब्रिज भी होगा। यहां सुपर कारिडोर से एमआर-10 तक मेट्रो के समांतर फ्लाईओवर भी बनाया जा रहा है। इससे एयरपोर्ट से विजय नगर की ओर जाने वाले वाहन चौराहे के ऊपर से निकल सकेंगे।
चार चौराहों पर काम जारी
आइडीए द्वारा शहर में ग्यारह फ्लाईओवर बनाए जाना है। चार चौराहों खजराना, भंवरकुआं, फूटी कोठी और लवकुश चौराहे पर फ्लाईओवर का निर्माण शुरू हो चुका है। सभी चौराहों पर पिलर तैयार किए जा रहे हैं। लवकुश चौराहे पर ही डबल डेकर ब्रिज बनेगा। इसके साथ ही गांधी नगर और महूनाका, एमआर-10 और बायपास पर फ्लाईओवर बनाए जाएंगे।

टेंडर फाइनल
डबल डेकर फ्लाईओवर के टेंडर फाइनल हो चुके हैं। मुख्यमंत्री द्वारा भूमिपूजन किया जाएगा। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके बनने से उज्जैन रोड आने जाने की राह आसान होगी। शहर में सुगम यातायात के लिए आइडीए फ्लाईओवर का निर्माण कर रहा है। -जयपाल सिंह चावड़ा, अध्यक्ष, इंदौर विकास प्राधिकरण