कमलनाथ बोले- हमारे सिद्धांत मानें तो शिवराज का कांग्रेस में स्वागत

मंत्री नरोत्तम मिश्रा, गोविंद राजपूत के गढ़ में कांग्रेस की सेंध:अवधेश नायक, राजकुमार धनौरा कांग्रेस में शामिल

दतिया। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के गढ़ में कांग्रेस ने सेंध लगा दी है। रविवार काे दतिया के कद्दावर भाजपा नेता और पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री अवधेश नायक कांग्रेस में शामिल हो गए। सागर जिले की सुरखी के राजकुमार सिंह धनौरा ने भी कांग्रेस जॉइन कर ली।

राहत इंदौरी की पत्नी भी कांग्रेस में

शायर और गीतकार राहत इंदौरी की पत्नी शायर अंजुम रहबर ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली।
अवधेश नायक और राजकुमार सिंह धनौरा को प्रदेश कांग्रेस दफ्तर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। लंबे समय से इन दोनों नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें चल रही थीं।
इमरती देवी के कांग्रेस जॉइन करने की अटकलों पर मप्र कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा, हमारे सिद्धांत क्या हैं। शिवराज सिंह का भी स्वागत है। अगर वे हमारे सिद्धांत मान लें और कार्यकर्ता उन्हें स्वीकार कर लें।

दिग्गी बोले- कांग्रेस से लड़ने वाले प्रताड़ना के कारण आज भाजपा के खिलाफ

कार्यक्रम में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि मंच पर वह सारे योद्धा बैठे हैं जो कभी कांग्रेस के खिलाफ लड़ते थे आज वह सारे योद्धा भाजपा के नेताओं की प्रताड़ना के कारण भाजपा को छोड़ कर कमलनाथ जी, राहुल जी, खरगे जी के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। यह दो विधानसभा सुरखी और दतिया इन दोनों विधानसभाओं में जो आतंक इन दोनों विधायकों ने जो मंत्री बने हुए हैं किया है मैंने अपने जीवन काल में किसी विधानसभा में नहीं देखा। झूठे प्रकरण बनाना तो ऐसा था कि sc-st एससी-ोएसटी का आरोप हर किसी के खिलाफ लगा दो।

नरोत्तम-गोविन्द को कहा आतंकवादी मंत्री

दिग्विजय सिंह ने कहा- मैं दतिया के गांव- गांव गया। सुरखी भी गया और उन सब लोगों से मिला। जिन पर अन्याय और अत्याचार इन दोनों भ्रष्ट बेईमानी और आतंकवादी मंत्रियों ने किया था। हम दावे के साथ कहते हैं कि हमारे यहां अभी कोड ऑफ कंडक्ट लगने वाला है। उसके पहले धीरे- धीरे ऐसी तेज रफ्तार से भाजपा टूटेगी कि किसी को अंदाजा नहीं होगा। हम लोग दावे के साथ कह सकते हैं इस बार कांग्रेस की सरकार बनेगी और इतने विधायकों की बनेगी कि मामा और मामा के आका तोड़ न सकें।