दिन भर में 3 मिमी. बारिश तापमान में ढाई डिग्री की गिरावट

उज्जैन। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के चलते एक बार फिर मानसून लौट आया है। शनिवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे दोपहर में हुई 3 मिली मीटर बारिश के बाद अधिकतम तापमान में ढाई डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग में दो दिनों का अलर्ट जारी किया है इस बीच तेज बारिश हो सकती है।
जीवाजी राव वेधशाला अधीक्षक डॉक्टर राजेंद्र कुमार गुप्त ने बताया कि पिछले 15 दिनों से मानसून का सिस्टम नहीं होने के चलते बारिश का क्रम थमा हुआ था। शुक्रवार को बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का सिस्टम सक्रिय होने और तेजी के साथ मध्यप्रदेश की ओर बढ़ने पर फिर से मानसून लौटता दिखाई दे रहा है जिसका असर 2 से 3 दिनों तक बना रह सकता है। शनिवार दोपहर में कुछ देर तेज बारिश हुई। इसके बाद हल्की बूंदाबांदी का दौर बना रहा। दिन भर में 3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। आसमान में छाए बादल और बारिश के चलते अधिकतम तापमान में ढाई डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। तापमान 27.4 डिग्री दर्ज हुआ है। हवा की गति 4 किलोमीटर प्रति घंटे की बनी हुई थी। वेधशाला अधीक्षक के अनुसार रविवार सोमवार को हवा की गति तेज होने और मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहे मानसून के चलते तेज बारिश की संभावना भी नजर आ रही है मौसम वैज्ञानिकों द्वारा दो दिन का अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को हुई बारिश के बाद मौसम में ठंडक महसूस की गई है। जिस तरह से अधिकतम तापमान में कमी आई है वहीं न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आ सकती है। पिछले 15 दिनों से रात का तापमान 23 से 24 डिग्री के बीच बना हुआ है। 15 जून से 19 अगस्त तक के वर्षा काल के दौरान 771 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है जो 31 इंच है। शहर की औसतन बारिश का आंकड़ा 36 इंच माना गया है जिसमें अब 5 इंच की और जरूरत है। जिस तरह से बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बना है और शेष बचे 25 दिनों में भी चक्रवात बनने की उम्मीद दिखाई दे रही है उससे प्रतीत हो रहा है कि औसतन आंकड़ा पूरा हो जाएगा।