देशभर की स्मार्ट सिटी में इंदौर को मिला पहला स्थान, कुल सात अवार्ड मिले

इंदौर। देश के 100 स्मार्ट सिटी के लिए चौथे नेशनल स्मार्ट सिटी अवार्ड की घोषणा शुक्रवार को की गई। नेशनल स्मार्ट सिटी अवार्ड में इंदौर पहले नंबर पर रहा है, दूसरे नंबर पर सूरत और तीसरे नंबर पर आगरा है। इंदौर को कुल सात अवार्ड मिले हैं। इंदौर को सैनिटेशन में प्रथम, अर्बन एनवायरमेंट में प्रथम, जल के क्षेत्र में प्रथम, बिल्ट एनवायरमेंट में द्वितीय, इकोनामी में द्वितीय और कोविड इनोवेशन में द्वितीय स्थान मिला है। 27 सितंबर को इंदौर में होने वाले समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु स्मार्ट सिटी कांटेस्ट के विजेताओं को सम्मानित करेंगी।
स्टेट अवार्ड में मध्य प्रदेश को पहला स्थान : वहीं, इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड कांटेक्ट 2022 की जारी रैंकिंग में स्टेट अवार्ड में मध्य प्रदेश को पहला स्थान मिला है। वहीं तमिलनाडु दूसरे तथा राजस्थान और उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर रहे। इंदौर को सात अवार्ड मिलने पर इंदौर कलेक्टर इलैया राजा टी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगमायुक्त हर्षिका सिंह ने खुशी जताते हुए शहरवासियों को बधाई दी है।