एक बार फिर खबरों के भंवर में शेखावत, इंदौर के भाजपा नेता भंवर सिंह शेखावत व बुंदेलखंड के बसपा नेता गुड्डू राजा बुंदेला थामेंगे कांग्रेस का हाथ!

 

इंदौर। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा से कांग्रेस और कांग्रेस से भाजपा में जाने वाले नेताओं तथा कार्यकर्ताओं का सिलसिला लगातार चल रहा है। इसी क्रम में अब इंदौर और मालवा के नेता माने जाने वाले भाजपा नेता भंवर सिंह शेखावत को लेकर चर्चा है कि वह कांग्रेस में जाने वाले हैं। मीडिया ने जब भी शेखावत से इस बारे में सवाल किया तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है। न तो वह यह कहते हैं कि मैं कांग्रेस में नहीं जाऊंगा और न ही यह कि भाजपा नहीं छोडूंगा। उनको लेकर अब नई खबर यह है कि शेखावत 2 सितंबर को कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।
कहा जा रहा है कि आगामी 2 सितंबर को बुंदेलखंड में बसपा के कद्दावर नेता रहे गुड्डू राजा बुंदेला और भाजपा के दिग्गज नेता भंवर सिंह शेखावत कांग्रेस में शामिल होने वाले हैं।

गुड्डू राजा बुंदेला की मप्र में एंट्री

ललितपुर के बसपा नेता गुड्डू राजा बुंदेला गुड्डू राजा बुंदेला 2 सितंबर को मध्यप्रदेश कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं और वो इस चुनाव में बुंदलेखंड की कई सीटों पर कांग्रेस के लिए काफी कारगर साबित हो सकते हैं। बता दें कि गुड्डू राजा बुंदेला के पिता सुजान सिंह बुंदेला पूर्व सांसद रहे हैं और गुड्डू राजा बुंदेला का पूरा परिवार ही राजनीतिक रसूख वाला है। उनके परिवार की बुंदलेखंड की राजनीति में अलग ही पहचान है। इसलिए माना जा रहा है कि उत्तरप्रदेश से लगी हुई बुंदलेखंड की सभी सीटों पर प्रभावी साबित हो सकते हैं।
भंवर सिंह शेखावत भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। वे इंदौर की विधानसभा क्रमांक 5 और बदनावर से विधायक रह चुके हैं। साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा की सीट पर शेखावत बदनावर से चुनाव लड़े थे लेकिन तब कांग्रेस प्रत्याशी राजवर्धन दत्तीगांव से चुनाव हार गए थे और बाद में राजवर्धन दत्तीगांव ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आ गए। इसके बाद बदनावर सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा सीट से चुनाव जीते। इस बार भी राजवर्धन दत्तीगांव का बदनावर से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ना लगभग तय है। ऐसे में भंवर सिंह शेखावत भाजपा का दामन छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।