मप्र में भाजपा पूरी तरह चुनावी मूड में, एक साथ निकलेगी जन आशीर्वाद यात्राएं

3 सितंबर को अमित शाह करेंगे शुरुआत; इंदौर, उज्जैन संभाग से भी अलग-अलग यात्रा का होगा शुभारंभ

भोपाल ।  भाजपा चुनावी शंखनाद कर चुकी है और उसी के अनुरूप चुनाव की घोषणा के बहुत पहले ही पूरी तरह चुनावी मूड में आ चुकी है। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा जन आशीर्वाद यात्राएं निकालेगी। 3 सितंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह चित्रकूट से यात्रा का शुभारंभ करेंगे। भाजपा पहली बार एक साथ 5 यात्राएं निकालेगी। 17-18 दिन में ये यात्राएं 10,543 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। 25 सितंबर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ होगा।
पार्टी का दावा है कि महाकुंभ में प्रदेशभर से 10 लाख कार्यकर्ता जुटेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आ सकते हैं।
मध्यप्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि जन आशीर्वाद यात्रा में पार्टी की टॉप लीडरशिप भी शामिल होगी।
210 विधानसभा सीटों को कवर करेंगी यात्रा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि ‘मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा नेतृत्व जन आशीर्वाद यात्रा निकालता है। इस यात्रा के जरिए हम हर विधानसभा तक पहुंचते हैं। कई बार चुनावों में विधानसभाएं छूट जाती थीं इसलिए इस बार प्रदेश में 5 यात्रा निकालेंगे।’
शर्मा ने कहा, ‘पांचों यात्राएं 10543 किलोमीटर चलकर कुल 210 विधानसभाएं कवर करेंगी।

211 बड़ी सभाएं तथा 678 जनसभाएं होंगी

इस दौरान कुल 678 जन सभाएं होंगी। इनमें 211 बड़ी सभाएं होंगी। यात्राओं में केंद्रीय नेतृत्व के साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, कैलाश विजयवर्गीय भी शामिल होंगे।’
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि पांचों यात्राएं 10543 किलोमीटर चलकर कुल 210 विधानसभाएं कवर करेंगी।

पांचों यात्राओं के लिए टोलियां भी बनाईं

पार्टी ने पांचों यात्राओं के लिए अलग-अलग टोलियां बनाई हैं।विंध्य से निकलने वाली यात्रा के संयोजक सतना सांसद गणेश सिंह एवं सह संयोजक बृजेंद्र प्रताप सिंह हैं।
महाकौशल से शुरू होने वाली यात्रा के संयोजक सांसद उदय प्रताप सिंह और सह संयोजक अभिलाष पांडे हैं।
इंदौर संभाग में निकलने वाली तीसरी यात्रा के संयोजक सांसद शंकर लालवानी एवं सह संयोजक जयपाल चावड़ा हैं।
उज्जैन संभाग में निकलने वाली यात्रा के संयोजक बंशीलाल गुर्जर और सह संयोजक तेज बहादुर सिंह हैं।
पांचवीं यात्रा ग्वालियर-चंबल से निकलेगी। इसके संयोजक रणवीर रावत और सह संयोजक मुकेश चौधरी हैं।