संभागायुक्त ने किया बड़वाह, सनावद और छैगाँव माखन में अस्पतालों का औचक निरीक्षण

इंदौर । संभागायुक्त  मालसिंह ने आज बड़वाह और सनावद के शासकीय अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। आज सुबह 9:15 पर जब कमिश्‍नर बड़वाह के सिविल हॉस्पिटल में पहुँचे तो वहाँ पर एक भी डॉक्टर ड्यूटी पर मौजूद नहीं पाया गया। संभागायुक्त ने यहाँ उपचार कराने आए मरीज़ों से आवश्यक जानकारी भी ली। अनुपस्थित डॉक्टरों पर कार्रवाई के निर्देश संभागायुक्त द्वारा दिए गए हैं। संभागायुक्त  मालसिंह ने इसके बाद प्रातः 9:40 पर सनावद के शासकीय अस्पताल का भी निरीक्षण किया। यहाँ पर नियुक्त पांच डॉक्टरों में से केवल डॉ. स्वाति पटेल ही ड्यूटी पर उपस्थित पाई गई। अन्य चार डॉक्टर जिसमें डॉ. हंसा पाटीदार, डॉ. विजय कोरी, डॉ. वीरेंद्र मंडलोई तथा डॉ. राहुल अनुपस्थित पाए गए। संभागायुक्त  मालसिंह ने इस स्थिति पर नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए खरगोन ज़िले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से कार्यवाही करने के निर्देश देते हुए जवाब तलब किया है।
इसके पश्चात संभागायुक्त  मालसिंह ने खंडवा ज़िले के छैगाँव माखन अस्पताल का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित स्टाफ से चर्चा की। उन्होंने अस्पताल में मौजूद मरीजों के हाल-चाल जाने और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। निरीक्षण के दौरान डॉ. आशुतोष पारे और डॉ. हर्षिता अनुपस्थित पाये गये। डॉ. जयत खान उपस्थित मिले। बताया गया कि डॉ. योगेश सोनी दिल्ली गये हैं।