मंदसौर : विप्रजनों के सानिध्य में 10 को होगा ब्रह्म समागम

मंदसौर ।   ब्राह्मण समाज के अखिल भारतीय संगठन राष्ट्रीय परशुराम सेना की प्रदेश इकाई के तत्वावधान में 10 सितम्बर को मंदसौर के कृषि उपज मंडी प्रांगण में वृहद ब्राह्मण समागम का आयोजन पूज्य संतो और विद्वत विप्र जनों के सानिध्य में होगा। जिसमें देश भर के एक लाख ब्रह्म जनों के एकत्र होने की संभावना है। मप्र परशुराम सेना के प्रदेश अध्यक्ष पं. जितेन्द्र व्यास व प्रदेश मीडिया प्रभारी पं. अनिल जोशी ने पत्रकार वार्ता में देते हुए बताया कि ब्रह्म शक्ति वृहद स्तर पर एकत्रित हो समाज में नई स्फूर्ति और चेतना का सृजन हो ये उद्देश्य इस आयोजन का है। ब्रह्म समागम में 20 बिंदुओं का एक प्रस्ताव पत्र भी तैयार किया गया है जिसमें विप्र कल्याण बोर्ड का गठन कर ब्राह्मण समाज के ही व्यक्ति की अध्यक्षता निर्धारित की जाए, ब्राह्मण धमार्चार्य पूज्य संतों और कथावाचकों के विरुद्ध अशोभनीय टिप्पणी करने वालों या विरोध करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाए। ब्राह्मण विद्यार्थियों के लिए छात्रावास के निर्माण किए जाएं। संस्कृत भाषा के अध्ययन अध्यापन को बल दिया जाए।आरक्षण जातिगत आधार पर न होकर आर्थिक आधार पर दिया जाए एट्रोसिटी एक्ट में बगैर जांच के किसी पर भी प्रकरण कायम न हो इन सहित अन्य बिंदुओं को शामिल किया गया है। प्रात: 9 बजे से आयोजन स्थल पर ही पंजीयन किया जाएगा। 11 बजे से समागम का शुभारंभ होगा। इस दौरान सकल ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पं. दिलीप शर्मा व वरिष्ठ पत्रकार ब्रजेश जोशी भी मंचासीन थे।