महाकाल दर्शन कर लौट रहे नागपुर के सिविल ठेकेदार की इंदौर में मौत

नाश्ता करने के बाद कार में बिगड़ी तबीयत

इंदौर। यहां से नागपुर लौट रहे एक सिविल ठेकेदार की विजयनगर क्षेत्र में अचानक तबीयत बिगड़ गई। दोस्त निजी अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिये एमवाय अस्पताल भेजा गया है।
विजयनगर पुलिस के अनुसार विजय (56) पुत्र मनोहर घटाने निवासी नागपुर सोनेगांव की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत हो गई। दोस्त प्रशांत पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि विजय और उनके साथ तीन दोस्त रविवार को नलखेड़ा बगलामुखी माताजी दर्शन कर महाकाल दर्शन करने के लिये निकले थे। सोमवार को महाकाल में दोपहर में दर्शन करने के बाद वह कार से विजयनगर होते हुए नागपुर जा रहे थे।
विजयनगर में एक रेस्टोरेंट पर शाम को रुककर नाश्ता किया। इसके बाद वह कार में बैठे तो विजय ने घबराहट होने की बात की। दोस्त उन्हें नजदीक के भंडारी अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। देर शाम वह शव को लेकर एमवाय अस्पताल पहुंचे।

पीएम के बाद नागपुर ले जाएंगे शव

विजय सिविल ठेकेदार थे। उनकी पत्नी की दिल्ली में जॉब है। इनकी दो बेटियां नागपुर में हैं। एक स्कूल और दूसरी कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। विजय के दोस्तों ने बताया कि काफी दिनों से उनका उज्जैन महाकाल दर्शन के लिये प्लान बन रहा था। पांचों दोस्तों ने छुट्‌टी ली और कार से दर्शन करने चले आए। दोस्तों के मुताबिक परिवार को जानकारी दी गई है। यहां पोस्टमार्टम के बाद शव को नागपुर लेकर जाएंगे।