इंदौर में भी प्रियंका गाँधी की चुनावी सभा और रोड शो होगा, आ सकते हैं राहुल भी

मालवा-निमाड़ में कांग्रेस के चुनावी अभियान का आगाज 5 अक्टूबर को धार से

इंदौर। मप्र में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अपने चुनावी अभियान के आगाज की तैयारी तेज कर दी है। मालवा-निमाड़ में कांग्रेस चुनावी अभियान की शुरुआत इंदौर संभाग के धार जिले से करने जा रही है। 5 अक्टूबर को धार के मोहनखेड़ा में प्रियंका गांधी वाड्रा जनसभा के जरिए चुनाव अभियान का आगाज करेंगी।
यह मालवा-निमाड़ में कांग्रेस का पहला बड़ा कार्यक्रम होगा। प्रियंका इंदौर में एक सभा को संबोधित करने के साथ ही रोड शो भी करेंगी। 2018 में मालवा निमाड़ के चुनाव अभियान का शंखनाद राहुल गांधी ने उज्जैन से किया था।
कांग्रेस नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार प्रियंका मप्र में चुनाव की घोषणा होते ही अपने दौरे तेज कर देंगी। प्रियंका गांधी मालवा-निमाड़ में लगभग 10 सभाओं को संबोधित करेंगी। उनके साथ कई बार राहुल गांधी भी नजर आएंगे, लेकिन मध्यप्रदेश में कैंपेन की रणनीति को अंतिम रूप प्रियंका ही देंगी।
राहुल छत्तीसगढ़, राजस्थान का कैंपेन लीड करेंगे। बीच-बीच में प्रियंका भी छत्तीसगढ़, राजस्थान व तेलंगाना में सभा करेंगी। कांग्रेस के चुनाव रणनीति-कारों ने इसका ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है। प्रियंका के ऑफिस ने भी इस बात की पुष्टि की है कि चुनाव की घोषणा होते ही प्रियंका गांधी के मप्र में दौरे शुरू हो जाएंगे।

पहले राहुल ने उज्जैन से की थी चुनावी सभा की शुरुआत

2018 के विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी ने 29 अक्टूबर को मालवा-निमाड़ से कांग्रेस के चुनाव अभियान का शंखनाद उज्जैन से किया था। राहुल गांधी ने महाकाल में पूजा अर्चना करने के बाद यहां से चुनावी अभियान की शुरुआत की थी। राहुल ने उज्जैन में एक जनसभा को संबोधित किया था।

ज्यादातर हिस्सों में सभाओं की रणनीति

इस बार प्रियंका गांधी 5 अक्टूबर को धार आ रही हैं। मप्र में प्रियंका गांधी अभी तक 2 सभाएं कर चुकी हैं। प्रियंका ने जबलपुर में 12 जून को नर्मदा पूजन के बाद रैली को संबोधित किया था। वहीं इसके बाद 21 जुलाई को प्रियंका गांधी ने ग्वालियर में जन आक्रोश रैली को संबोधित किया था। बताया जा रहा है कि प्रियंका की रैलियां प्लान करते हुए रणनीतिकार इस बात का पूरा ध्यान रख रहे हैं कि प्रियंका गांधी मप्र के ज्यादातर हिस्सों में अपनी सभाएं कर सकें।