उज्जैन की भर्तृहरि गुफा पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

– महंत रामनाथ महाराज ने 51 किलो पीतल का त्रिशूल भेंट किया
दैनिक अवंतिका उज्जैन।  
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को उज्जैन प्रवास के दौरान नाथ संप्रदाय के प्रमुख स्थल भर्तृहरि गुफा भी पहुंचे जहां उन्होंने गुरु गोरक्षनाथ जी, राजा भर्तृहरि जी की तपस्या स्थली के दर्शन किए। 
यहां भर्तृहरि गुफा के मठाधीश पीर योगी महंत श्री रामनाथ जी महाराज ने 101 बटुकों के मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 51 किलो पीतल से बना आकर्षक त्रिशूल भेंट किया व रुद्राक्ष व मोतियों की माला से अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री योगी की झेड प्लस सुरक्षा होने के कारण ज्यादा लोग स्वागत नहीं कर पाए वहीं फोटो सेशन भी नहीं हो सका। मुख्यमंत्री गुफा पर सबसे अधिक समय 40 मिनट से ज्यादा देर तक रुके। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से इंदौर के लिए रवाना हुए।  
गुफा पर योगी ने गायों को गुड़ खिलाया व प्रसादी ग्रहण की
योगी आदित्यनाथ ने गुफा में दर्शन करने के बाद यहां स्थित गोशाला में जाकर अपने हाथों से गायों को गुड़ व चारा खिलाया। इसके बाद उन्होंने गुफा में ही कुछ देर रुककर भोजन प्रसादी ग्रहण की। यहां स्थानीय संत-महंत व जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया।
महाकाल महा लोक में ईकार्ट में बैठकर घूमे, निर्माण की तारीफ 
 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाकाल दर्शन के दौरान महाकाल महालोक को देखने भी गए। उन्होंने बैटरी से चलने वाली ईकार्ट में बैठकर भ्रमण किया। उनके साथ योगी पीर महंत श्री रामनाथ महाराज, कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम भी थे। मुख्यमंत्री योगी ने महाकाल लोक में किए गए निर्माण की तारीफ भी की।