रात में एक इंच और दिनभर में गिरा 8 मिमी. पानी -दिन-रात के तापमान में 1.3 डिग्री का अंतर

उज्जैन। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात झमाझम बारिश लेकर आया है। 2 दिनों से जारी बारिश के बीच शनिवार-रविवार रात एक इंच बारिश दर्ज की गई, वहीं दिन में 8 मिलीमीटर का आंकड़ा दर्ज होना सामने आया। बारिश के चलते मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है दिन-रात के तापमान में 1.3डिग्री का अंतर रह गया है। आज भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
वर्षाकाल का समय 1 जून से 15 सितंबर तक का माना गया है, इस बाद लौटता मानसून 14 सितंबर से मेहरबान बना हुआ है। शुक्रवार शाम से रविवार शाम 48 घंटे में 7 इंच से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। आसमान में बादल छाए हुए है और 12 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। जिससे मौसम में ठंडक आ गई है। जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार गुप्त के अनुसार बारिश के चलते दिन-रात के तापमान में कमी आ गई है। शनिवार-रविवार रात तापमान में 2.1 डिग्री की गिरावट आई थी। वहीं रविवार दिन में अधिकतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया है। जिसमें 2.6 डिग्री की कमी आई है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तापमान में और कमी आ सकती है। वहीं आगामी दिनों में नया सिस्टम भी सक्रिय होने की जानकारी जारी की गई है। जिससे सितंबर के अंतिम सप्ताह तक बारिश से राहत मिल पाना मुश्किल दिखाई दे रहा है। औसतन से 7 इंच अधिक बारिश वेधशाला के आंकड़ो के मुताबिक शहर की औसतन बारिश 36 इंच पर्याप्त होती है। जो पूरी हो चुकी है। सितंबर के तीसरे सप्ताह से शुरू हुई बारिश के बाद अब तक 7 इंच अधिक बारिश हो चुकी है। 15-16 सितंबर की रात ही पांच इंच के करीब बारिश हुई थी। जो अब तक सितंबर माह में सबसे अधिक रही थी। सालों बाद बारिश 40 इंच से अधिक पहुंची है। इस बार नमी अधिक रहने से किसानों को आगामी फसल में फायदा होगा।