अर्धनग्न किसानों का हाईवे पर साढ़े 5 घंटे तक जमकर प्रदर्शन

 

खरगोन-कसरावद रोड पर लगा लंबा जाम; रात में कलेक्टर खुद ज्ञापन लेने आए तब माने

खरगोन। किसानों ने शुक्रवार को हाईवे पर अर्धनग्न होकर साढ़े पांच घंटे तक प्रदर्शन किया। इससे खरगोन-कसरावद रोड पर एक किलोमीटर से ज्यादा लंबा जाम लग गया। कई वाहन दोनों ओर फंसे रहे। किसान अतिवृष्टि के बाद बर्बाद हुई फसलों का सर्वे अब तक नहीं होने को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। वे कलेक्टर को ही ज्ञापन देने की मांग पर अड़े थे। रात में कलेक्टर जब खुद ज्ञापन लेने पहुंचे उसके बाद उन्होंने प्रदर्शन खत्म किया।
जिला मुख्यालय पर बलराम जयंती पर राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ ने अनाज मंडी में एक कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कुमार कक्का समेत संभाग और जिलास्तर के पदाधिकारी शामिल हुए।
दोपहर साढ़े तीन बजे से शुरू हुआ प्रदर्शन रात 8 बजे तक चलते रहा। जब कलेक्टर खुद ज्ञापन लेने के लिए आए तब जाकर किसानों ने चक्काजाम हटाया।
किसान संगठन के नेताओं ने पहले सभा को संबोधित किया। उन्होंने हाल ही में हुई भारी बारिश से बर्बाद हुई फसलों का सर्वे अब तक शुरू नहीं करने और कोई आर्थिक सहायता की घोषणा नहीं किए जाने पर सरकार को आड़े हाथों लिया।

Author: Dainik Awantika