इंडिया स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव कल से- इंदौर में जुटेंगे 100 स्मार्ट सिटी के मेयर, इंदौर – उज्जैन का दौरा भी करेंगे

इंदौर। दो दिनी इंडिया स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव 26 सितंबर से ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शुरू होगी। कॉन्क्लेव में लगने वाली प्रदर्शनी में वाराणसी के नमो घाट का नजारा तो दिखेगा ही, हुबली में 5 किमी तक नाले की जगह पर बना ग्रीन मोबिलिटी कॉरिडोर भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। देश की 100 स्मार्ट सिटी के सीईओ, निगमायुक्त सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
कार्यक्रम में 3डी व 4डी इमेज के जरिए स्मार्ट सिटीज के प्रोजेक्ट्स दिखाए जाएंगे। स्मार्ट सिटीज उनके इनोवेशन यहां प्रदर्शित करेंगी। आयोजन में विभिन्न कॉलेजों के 800 छात्र बतौर वॉलेंटियर तैनात होंगे। एक स्मार्ट स्ट्रीट भी बनाई जा रही है। इसमें सोलर ऊर्जा, सोलर ट्री, साइकिल ट्रैक सहित अन्य चीजें बनाई जा रही हैं।

1192 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं स्मार्ट गतिशीलता में

16,905 करोड़ की अन्य 494 परियोजनाएं चल रही देशभर में स्मार्ट सिटी में। 573 परियोजनाएं पूरी हो चुकी स्मार्ट ऊर्जा में देश में सभी स्मार्ट सिटी में। 1162 से अधिक परियोजनाएं जल आपूर्ति, स्वच्छता और साफ सफाई की पूरी हो चुकी देश की 100 स्मार्ट सिटी में।

पहले दिन प्रदर्शनी, दूसरे दिन पुरस्कार वितरण

कॉन्क्लेव के पहले दिन आईएसएसी 2022 के तहत पुरस्कार विजेता परियोजनाओं का प्रदर्शन करने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। स्मार्ट शहरों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ संवाद और इंदौर व उज्जैन में स्मार्ट सिटी मिशन प्रोजेक्ट का दौरा कार्यक्रम होगा।