इंडिया स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव आज से– इंदौर में जुटेंगे 100 स्मार्ट सिटी के मेयर, इंदौर – उज्जैन का दौरा भी करेंगे

बुधवार को आएंगी राष्ट्रपति मुर्मू

इंदौर। दो दिनी इंडिया स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव 26 सितंबर से ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शुरू होगी। कॉन्क्लेव में लगने वाली प्रदर्शनी में वाराणसी के नमो घाट का नजारा तो दिखेगा ही, हुबली में 5 किमी तक नाले की जगह पर बना ग्रीन मोबिलिटी कॉरिडोर भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। देश की 100 स्मार्ट सिटी के मेयर, सीईओ, निगमायुक्त सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
कार्यक्रम में 3डी व 4डी इमेज के जरिए स्मार्ट सिटीज के प्रोजेक्ट्स दिखाए जाएंगे। स्मार्ट सिटीज उनके इनोवेशन यहां प्रदर्शित करेंगी। आयोजन में विभिन्न कॉलेजों के 800 छात्र बतौर वॉलेंटियर तैनात होंगे। एक स्मार्ट स्ट्रीट भी बनाई जा रही है।

राष्ट्रपति करेंगी विजेताओं को सम्मानित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 सितंबर को इंडिया स्मार्ट सिटीज पुरस्कार प्रतियोगिता आईएसएसी-2022 के चौथे संस्करण के विजेताओं को सम्मानित करेंगी। कॉन्क्लेव में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल, केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय श्रम व रोजगार, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, संचार व रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री कौशल किशोर और मध्यप्रदेश के नगरीय विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह शामिल होंगे।

पहले दिन प्रदर्शनी, दूसरे दिन पुरस्कार वितरण

कॉन्क्लेव के पहले दिन आईएसएसी 2022 के तहत पुरस्कार विजेता परियोजनाओं का प्रदर्शन करने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। स्मार्ट शहरों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ संवाद और इंदौर व उज्जैन में स्मार्ट सिटी मिशन प्रोजेक्ट का दौरा कार्यक्रम होगा।