सऊदी एयरलाइंस का विमान 120 यात्रियों को कोच्चि में छोड़कर उड़ गया

कोच्चि। कोच्चि में जो मामला सामने आया है, उसे जानने के बाद आपके होश उड़ जाएंगे। यहां शनिवार को सऊदी एयरलाइंस का विमान अपने 120 यात्रियों को छोड़कर उड़ गया। जिसके बाद ये यात्री कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर घंटों फंसे रहे। घटना शनिवार रात करीब 8.25 बजे की है। यहां पर पहले स्टाफ की ओर से कहा गया कि विमान में तकनीकी दिक्कतें है। जिसके बाद सभी यात्रियों को विमान से उतरने के लिए कहा गया था। रात को करीब 11 बजे विमान उन लोगों को लेकर उड़ गया, जिन लोगों ने आगे कनाडा और अमेरिका के लिए फ्लाइट बुक की थी। घंटों एयरपोर्ट पर फंसे रहने के बाद बचे लोगों को समीप के एक होटल लेकर जाया गया।
यात्रियों ने आरोप लगाया कि एयरलाइन उनके लिए अच्छी यात्रा का प्रबंध करने में असफल रही है। बताया जा रहा है कि लोगों ने जब स्टाफ से झगड़ा शुरू किया तो पास के होटल ले जाया गया था। यात्रियों ने आरोप लगाया कि उनको बेवजह तक लगभग 6 घंटे तक फंसाकर रखा गया। स्टाफ की ओर से काफी गलत व्यवहार किया गया। उन लोगों को फोन या ईमेल के जरिए भी कोई जानकारी प्रदान नहीं की गई।