दूसरी सूची जारी होते ही नागदा और सीधी में भाजपा प्रत्याशी का विरोध

 

उज्जैन के नागदा- खाचरोद से निर्दलीय लड़ेंगे लोकेंद्र मेहता, सीधी में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिश्रा का इस्तीफा

उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर 39 प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी की है। 24 घंटे के अंदर ही इसे लेकर उज्जैन और सीधी जिलों से विरोध सामने आया है। नागदा में तो भाजपा नेता लोकेंद्र मेहता ने बगावत कर निर्दलीय लड़ने तक की घोषणा कर दी है।
उज्जैन जिले की नागदा-खाचरौद सीट से डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान को टिकट दिया गया है। तेज बहादुर उज्जैन जिला भाजपा ग्रामीण के दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं। नागदा नगर पालिका से पार्षद भी रहे। नरेंद्र सिंह तोमर और सत्यनारायण जटिया के करीबी माने जाते हैं। वर्तमान में कांग्रेस के दिलीप गुर्जर नागदा-खाचरोद से विधायक हैं।

टिकट की मांग कर रहे थे मेहता

लोकेंद्र मेहता ओबीसी मोर्चा के कार्यकारी सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि वे विधि प्रकोष्ठ में पूर्व जिला संयोजक रहने के साथ पार्टी में 30 साल से सक्रिय सदस्य हैं। संघ भी जुड़े हैं। कई दिन से टिकट की मांग भी कर रहे थे। मेहता ने निर्दलीय प्रत्याशी का पोस्टर बनवाकर सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया है। इस बात की सूचना पार्टी पदाधिकारियों को भी दी है।

सीधी में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य का इस्तीफा

सिहावल (सीधी) का टिकट फाइनल होते ही सीधी के पूर्व जिलाध्यक्ष व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. राजेश मिश्रा ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफ़ा उन्होंने संगठन महामंत्री हितानंद को भेजा। सिंहावल से भाजपा ने विश्वासमित्र पाठक पर विश्वास जताया है। यहां से फिलहाल कांग्रेस के कमलेश्वर पटेल विधायक हैं।