मुंह में मरा हुआ चूहा रखकर किसानों ने जताया विरोध

बेंगलुरु/चेन्नई। कावेरी जल विवाद को लेकर तमिलनाडु और कर्नाटक एक बार फिर आमने-सामने हैं। इस विवाद को लेकर तमिलनाडु के किसानों ने कर्नाटक सरकार के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध किया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। तिरुचिरापल्ली में तमिलनाडु के किसानों के एक समूह ने अपने मुंह में मरे हुए चूहे रखकर कर्नाटक सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने कर्नाटक से राज्य के लिए कावेरी का पानी छोड़ने की मांग की। तमिलनाडु के लिए कावेरी नदी का पानी छोड़े जाने के खिलाफ किसानों और कन्नड़ संगठनों द्वारा मंगलवार को आहूत बेंगलुरु बंद को आंशिक प्रतिक्रिया मिली।