महिला लिपिक ने कर दिया दो करोड़ का घोटाला, बर्खास्त, वसूली भी होगी

 

इंदौर। शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या महाविद्यालय, किला मैदान (न्यू जीडीसी कॉलेज) में हुए दो करोड़ के घोटाले में उच्च शिक्षा विभाग ने मुख्य आरोपी तत्कालीन प्रभारी मुख्य लिपिक कल्पना परांजपे को बर्खास्त कर दिया। इसके साथ ही प्राचार्य को आदेश दिए गए हैं कि उन्हीं से घोटाले की पूरी राशि की वसूली भी की जाए। अनोखे और बिरले तरह की पहली कार्रवाई में एक्शन कैसे लेना है, इसके लिए अब प्राचार्य द्वारा मार्गदर्शन लिया जा रहा है।
कॉलेज में सेल्फ फायनेंस कोर्स की फीस से जमा होने वाली करोड़ों की राशि में से 8 वेंडरों को बाथटब, डिनर सेट, बिजली के उपकरण, कंप्यूटर पार्ट्स, एलईडी लाइट, एल्युमिनियम सेक्शन खरीदी के नाम पर 2.04 करोड़ की खरीदी घोटाले का मामला सामने आया था। लोकायुक्त में प्रकरण दर्ज हुआ और उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जांच शुरू हुई। उच्च शिक्षा विभाग से आयुक्त कर्मवीर शर्मा द्वारा लिखित आदेश जारी कर तत्कालीन प्रभारी मुख्य लिपिक व स्टोर कीपर कल्पना परांजपे को बर्खास्त कर दिया गया।