इंडिया स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव –राष्ट्रपति मुर्मू के हाथों इंदौर सहित 66 शहर सम्मानित

स्मार्ट सिटी के मेयर-कमिश्नर आएंगे

इंदौर। इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड 2022 के तहत आज इंदौर को सात पुरस्कार मिलेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगमायुक्त हर्षिका सिंह और स्मार्ट सिटी सीईओ दिव्यांक सिंह को सम्मानित करेंगी। इंदौर को देश की नंबर वन स्मार्ट सिटी के साथ अर्बन एनवायरनमेंट, वाटर, सेनिटेशन सहित अन्य श्रेणियों में पहला स्थान व तीन अन्य श्रेणियों में दूसरा स्थान मिला है। इसके पूर्व राष्ट्रपति मुर्मू इंदौर पहुंची। जहां विमानतल पर राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आदि ने उनका स्वागत किया।
राज्यों की रैंकिंग में मध्यप्रदेश पहले नंबर पर आया है। इसके अलावा देश के अन्य शहरों के विभिन्न नवाचारों के प्रोजेक्ट्स को भी पुरस्कृत किया जाएगा। इनमें कोयंबटूर, न्यू टाउन कोलकाता, कानपुर, अहमदाबाद, भोपाल, जबलपुर, लखनऊ, चंडीगढ़, पिंपरी-चिंचवड़, उदयपुर, सूरत, आगरा, ग्वालियर, सागर, वडोदरा, शिवमोगा, राजकोट, हुबली धरवाड़, सूरत, भुवनेश्वर, कोहिमा, नामची, रांची, सोलापुर और वाराणसी शामिल हैं। देश के अन्य प्रदेशों व स्मार्ट सिटी के महापौर, आयुक्त, स्मार्ट सिटी के सीईओ अधिकारी इसमें शामिल होंगे। राष्ट्रपति प्रदर्शनी में विभिन्न स्मार्ट सिटीज के नवाचारों को भी देखेंगी।

सुरक्षा में 550 पुलिस अधिकारियों का बल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा के लिए 550 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों का विशेष फोर्स तैनात किया गया है। इसकी कमान इंदौर पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर संभाल रहे हैं।

एयरपोर्ट से ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर तक नो फ्लाइंग जोन घोषित

राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर ने एयरपोर्ट मार्ग के दोनों ओर तथा कार्यक्रम स्थल ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर के 3 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन, पेरा ग्लाइडर, हॉट बैलून सहित अन्य फ्लाइंग ऑब्जेक्ट के उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके साथ ही उक्त स्थान को रेड जोन व नो फ्लाइंग जोन घोषित किया है। यह आदेश 28 सितंबर तक प्रभावशील रहेगा। इस दौरान कॉमर्शियल फ्लाइट्स इस प्रतिबंधात्मक आदेश के पालन से मुक्त रहेगी।