इंदौर में हाइड्रोलिक तकनीक से हो रहा विसर्जन,100 स्थानों पर बनाए कुंड

 

आज से कल 10 बजे तक करेंगे प्रतिमा एकत्रित

इंदौर। भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन हाइड्रोलिक तकनीक से जवाहर टेकरी पर विधि-विधान किया जा रहा है। इस बार पूजन सामग्री के लिए नगर निगम अलग से रथ चल रहे हैं। 85 वार्डों में भगवान गणेश की प्रतिमाओं को एकत्र करने की व्यवस्था की गई है। गुरुवार सुबह 10 बजे से शुक्रवार सुबह 10 बजे तक प्रतिमाएं एकत्र की जाएंगी।
शहर में सौ से अधिक स्थानों पर पर्यावरण हितैषी कुंड भी बनाए गए हैं। जहां मिट्टी की प्रतिमाओं को विसर्जित किया जा सकेगा। निगमायुक्त हर्षिका सिंह ने बताया कि निगम द्वारा शहर के प्रमुख चौराहा, मार्गों व स्थानों पर प्रतिमाओं को एकत्रित किया जाएगा। सुरक्षित जवाहर टेकरी पर विधि-विधान से पूजन कर हाइड्रोलिक सिस्टम वाली तकनीक से विसर्जन किया जाएगा।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने नागरिकों से अपील की है कि वे तालाबों को सुरक्षित रखने व पर्यावरण को बचाने में सहयोग करें। जोनल कार्यालय, कृष्णपुरा छत्री, निगम प्रांगण, सिरपुर, बिलावली, यशवंत सागर तालाबों के समीप चिह्नित स्थानों पर बनाए कुंड में ही मिट्टी की प्रतिमाओं का विसर्जन करें।