इंदौर। किसान आंदोलन के तहत गुरुवार को देशव्यापी प्रतिरोध दिवस मनाया गया। इंदौर में संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही किसान संगठनों और मजदूर संगठनों की संयुक्त अभियान समिति ने कमिश्नर ऑफिस पर प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व श्याम सुंदर यादव, आदि ने किया। उन्होंने केंद्र तथा प्रदेश सरकार की किसान और मजदूर विरोधी भूमिका की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि बढ़ती लागत व घटती आमदनी से किसानों को राहत देने की बजाय सरकार ने खेती और किसानी को बर्बाद करने की ठान ली है। उपज के दाम नहीं मिल रहे हैं। बिजली और डीजल की कीमतें आकाश छू रही हैं। दूसरी ओर घोषित एमएसपी भी नहीं मिल पा रही है। किसान कर्ज के बोझ में है। हाल ही में प्राकृतिक आपदा के चलते नष्ट हुई फसलों का मुआवजा और फसल बीमा देना तो दूर अभी सर्वे तक नहीं किया गया है। केंद्र और राज्य की किसान पेंशन की पूरी राशि का भुगतान अभी तक किसानों को नहीं किया गया है जिससे आत्महत्याएं बढ़ रही हैं।