क्षिप्रा में डूबा दिल्ली का युबक, 15 घंटे बाद मिला शव

दैनिक अवन्तिका(उज्जैन) दिल्ली से आये दो दोस्त शनिवार रात क्षिप्रा नदी पहुंचे थे, जहां नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गये। कुछ लोगों ने एक को बचा लिया, लेकिन दूसरे का कुछ पता नहीं चला। रविवार दोपहर शव मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है। साऊथ नई दिल्ली के संगम विहार से आयुष पिता सुमेरसिंह वर्मा 22 वर्ष दोस्त विनित गुप्ता के साथ धार्मिक यात्रा पर शनिवार को आया था। दोनों काल भैरव मंदिर पहुंचे थे, जहां बाबा को शराब का भोग लगाया। उसके बाद शेष बची शराब का दोनों ने सेवन किया और रामघाट आ गये। घूमते-घूमते रात में बड़े पुल के पास सुनहरी घाट पर पहुंचे। जहां दोनों नहाने के लिये क्षिप्रा में उतर गये। दोनों को तैरना नहीं आता था, वहीं गहराई का अंदेशा भी नहीं था, जिसके चलते डूबने लगे। कुछ लोगों ने उन्हे देखा तो छलांग लगाई और विनित को बचाकर बाहर निकाल लिया। आयुष गहराई में जा चुका था। मामले की सूचना महाकाल थाना पुलिस को मिली। रात में गोताखोरों के साथ पुलिस पहुंची और तलाश शुरू की। लेकिन आयुष का पता नहीं चल पाया। मामला जीवाजीगंज थाना क्षेत्र की सीमा होने पर जीवाजीगंज पुलिस भी पहुंच गई थी। रात अधिक होने पर गोताखोरों ने तलाश रोक दी। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को तक पहुंचा दी थी। रविवार सुबह दोबारा से तलाश शुरू की गई। दोपहर में आयुष का शव मिल गया। मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया है। जीवाजीगंज पुलिस ने दोस्त विनित के बयान दर्ज किये है।