मध्‍य प्रदेश में कांग्रेस का वादों की झड़ी लगाता वचन पत्र जारी..किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों को दिए 1290 वचन

भोपाल/इंदौर। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने वचन पत्र जारी कर दिया है। जिसमें किसानों, युवाओं और महिलाओं को लेकर कई वादे किए गए हैं। इसमें प्रदेशवासियों को 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने, कर्मचारियों को पुरानी पेंशन और युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने, 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा, 10 लाख दुर्घटना बीमा समेत अनेक वादे किए गए हैं। पत्रकारों के लिए भी कई वादे हैं , जिनमें पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करना, वरिष्ठ पत्रकार सम्मान निधि प्रति माह 25000 रुपये करना, निशुल्क स्वास्थ्य बीमा आदि शामिल है। वचन पत्र में 1290 वचन हैं। भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह की मौजूदगी में कांग्रेस का वचन पत्र जारी किया गया। इसके बाद इंदौर में भी यह वचन पत्र कांग्रेस ने जारी किया।

पहले कमलनाथ, दिग्विजय सिंह ने भोपाल में, फिर इंदौर में भी जारी हुआ वचन पत्र…..ये हैं कांग्रेस के वचन पत्र की बड़ी बातें

किसानों के  लिए वचन

किसानों से गेहूं 2600 रुपये और धान का 2 हजार 500 रुपये प्रति क्विंटल किए जाएंगे। सिंचाई के लिए 5 हार्सपावर निशुल्क बिजली देने के साथ 10 हार्सपॉवर तक 50 प्रतिशत छूट दी जाएगी।
नंदिनी गोधन योजना शुरू होगी, जिसके तहत किसानों से सरकार 2 रुपये प्रति किलो में गोबर खरीदेगी।सहकारी क्षेत्र के माध्यम से दूध खरीदी पर 5 रुपये प्रति लीटर बोनस दिया जाएगा।

युवाओं के  लिए

सरकारी भर्ती का कानून बनाया जाएगा। 2 लाख सरकारी पद भरे जाएंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में दो-चार नए पद निर्मित होंगे। प्रतियोगी परीक्षा शुल्क में 100 प्रतिशत छूट। पिछले 18 वर्षों से लंबित भर्तियां भरी जाएंगी। जरूरतमंद शिक्षित बेरोजगार युवाओं को प्रतिमाह 1500 से 3 हजार रुपये दो साल के लिए दिए जाएंगे। छात्र संघ के  नियमित चुनाव कराएंगे।

महिलाओं के लिए

बेटियों के विवाह की नई योजना शुरू करेंगे, जिसके तहत 1 लाख 1 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।महिलाओं को स्टार्टअप के लिए 25 लाख रुपये तक का लोन 3 प्रतिशत ब्याज दर पर दिए जाएंगे। ​महानगरीय बस सेवा में परिवहन हेतु निःशुल्क पास दिए जाएंगे। आंगनवाड़ी सहायिका और कार्यकर्ताओं को नियमित करने के लिए नियम बनेंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं के लिए

प्रदेश में स्वास्थ्य का अधिकार कानून बनेगा। वरदान स्वास्थ्य बीमा योजना की शुरुआत होगी, जिसमें परिवार सहित 25 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा और 10 लाख का दुर्घटना बीमा शामिल रहेगा।

कर्मचारियों के लिए

कर्मचारियों की रुकी पदोन्नति शुरू होगी। कर्मचारियों को चार चरण में समयमान वेतनमान देंगे।भूतपूर्व सैनिक एवं अर्धसैनिकों के लिए
भूतपूर्व सैनिकों को सेवा में आरक्षण का लाभ दिया जाएगा।

श्रमिकों के लिए

श्रमिकों के सम्मान में 1 मई को सार्वजनिक अवकाश घोषित होगा। 65 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों को 12 सौ रुपये प्रतिमाह सम्मान निधि दी जाएगी।

पेयजल सुविधा

हर घर को पेयजल योजना उपलब्ध कराई जाएगी। स्वच्छ जल का अधिकार कानून बनाया जाएगा।
ओबीसी और एससी-एसटी के लिए
​समान अवसर आयोग का गठन होगा। ​बैकलॉग के पद भरे जाएंगे
​जाति प्रमाण पत्र बनाने में आ रही समस्या दूर करेंगे। ​छात्रवृत्ति का अधिकार अधिनियम बनाया जाएगा।

आवास के लिए

​आवास का अधिकार कानून बनाया जाएगा। ​ग्रामीण आवास और शहरी आवास की राशि को समान किया जाएगा। ​600 वर्ग फुट तक के आवासीय पट्टों का निःशुल्क पंजीयन किया जाएगा।

धार्मिक क्षेत्र में

​श्री राम वन गमन पथ का निर्माण शीघ्र पूर्ण किया जाएगा। सीता माता मंदिर श्रीलंका की योजना को पुनः प्रारम्भ किया जाएगा।

अन्‍य वादे

सामाजिक सुरक्षा पेंशन 600 से बढ़ाकर 1200 रुपये की जाएगी। ​बहु दिव्यांगजनों को प्रतिमाह दो हजार रुपये पेंशन दी जाएगी।
गरीबों को आटा, दाल, तेल और चीनी का देवभोग किट प्रदान किया जाएगा।
गरीबी रेखा का नया सर्वे किया जाएगा।

कांग्रेस के वचन पत्र को शिवराज ने बताया महाझूठ पत्र

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि यह कांग्रेस का महाझूठ पत्र है। पांच साल पहले भी उन्होंने 900 से ज्यादा वचन दिए थे, जिसमें से नौ वचन भी पूरे नहीं किए। आज तक लोग तरस रहे हैं। शिवराज ने कहा कि प्रदेश के नौजवान पूछ रहे हैं कि 4000 बेरोजगारी भत्ता कब मिलेगा। समर्थन मूल्य पर बोनस कब मिलेगा, समूहों का कर्जा कब माफ होगा। उन्होंने एक नहीं अनेक वचन दिए थे, सारे के सारे झूठे निकले। और आज फिर महाझूठ पत्र प्रस्तुत कर दिया।

कांग्रेस के घोषणा पत्र में लालच और भ्रम

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि, ‘कांग्रेस की सूची जारी होने के बाद जो इस्तीफों की झड़ी लगी थी उसे भूलाने के लिए यह वचनपत्र आया है। यह झूठ का पुलिंदा है। यह भ्रम फैलाने की कोशिश है, यह लालच की राजनीति है। परिवारवाद और तुष्टिकरण उनकी सूची में और लालच और भ्रम उनके घोषणापत्र में है।’

कांग्रेस का वचन पत्र झूठ का पुलिंदा

कांग्रेस के घोषणापत्र को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि ‘कांग्रेस का वचनपत्र झूठ का पुलिंदा है। पहले भी वे किसानों, बेरोज़गार युवाओं को लेकर वादा कर चुके हैं लेकिन उन्होंने उसे पूरा नहीं किया।