गला काटने वाला युवक  बोला प्रियंका बुला रही है…

दैनिक अवंतिका(उज्जैन) जिला अस्पताल में भर्ती युवक ने रविवार को खुद के सीने पर चाकू मारकर गला रेत लिया था। डॉक्टरों ने उसकी तत्काल उपचार कर जान बचा ली थी, लेकिन युवक अब भी बोल रहा है कि प्रियंका बुला रही है। उसके पास जाना है। प्रियंका युवक की पत्नी थी, जिसका तीन साल पहले निधन हो चुका है।
विदित हो कि छोटी मायापुरी के पास गोकुलनगर में रहने वाले विशाल पिता दशरथ राठौर 32 वर्ष की तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उसे शुक्रवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। सी वार्ड में उसका उपचार चल रहा था। रविवार दोपहर को हालत में सुधार होने पर मां दोपहर में घर चली गई थी। देर शाम उसने सब्जी काटने वाले चाकू से खुद के सीने पर वार करना कर लिये थे और गला रेत लिया था। डॉक्टरों ने करीब एक घंटे ऑपरेशन थियेटर में उपचार कर उसकी जान बचाई थी। जिसके बाद से विशाल कह रहा है कि प्रियंका बुला रही है। परिजनों ने बताया कि विशाल एकलौता पुत्र है। उसकी शादी हो चुकी थी, तीन साल पहले पत्नी प्रियंका की बीमारी से मौत हो गई। 2 बच्चे है। विशाल निजी अस्पताल की लेबोटरी में काम करता था। कुछ समय से पत्नी के वियोग में डिप्रेशन में चल रहा है। उसने जॉब भी छोड़ दी थी। बुजुर्ग माता-पिता फ्रीगंज क्षेत्र में कास्मेटिक की दुकान संचालित करते है। जिनका कहना है कि एकलौते पुत्र को कुछ हो गया तो उसके दो बच्चों का भार भी उनके ऊपर आ जाएगा। वह लगातार विशाल को समझाने का प्रयास कर रहे थे।

Author: Dainik Awantika