विरोध के बाद चार सीटों पर कांग्रेस ने बदले प्रत्याशी, बडनगर से मुरली मोरवाल को मिला टिकट

उज्जैन। मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की तरफ से जारी की गई सूची में कुछ उम्मीदवार के नाम पर लगातार हो रहे विरोध के चलते कांग्रेस ने सूची को वापस अपडेट करते हुए बड़नगर, जावरा सहित चार सीटों पर प्रत्याशियों को बदला है। बता दे कि इन सीटों पर पूर्व में घोषित प्रत्‍याशियों का लगातार विरोध हो रहा था। जिसके बाद पार्टी ने इन सीटों पर दोबारा मंथन किया और चार सीटों पर चेहरे बदले हैं।

इन सीटों पर बदले प्रत्‍याशी

बड़नगर से मुरली मोरवाल को टिकट दिया गया, यहां पहले राजेंद्र सिंह सोलंकी को कांग्रेस ने टिकट दिया था। बड़नगर से राजेंद्र सिंह को प्रत्याशी घोषित कर दिया गया था। लेकिन मुरली मोरवाल के समर्थक राजेंद्र सिंह को टिकट दिए जाने का विरोध कर रहे थे और मोरवाल समर्थकों ने भोपाल में कमलनाथ के बंगले पर भी जमकर हंगामा कर टिकट मुरली मोरवाल को देने की मांग की थी। जिसके चलते टिकट काटते हुए सिटिंग एमएलए मुरली मोरवाल को टिकट दिया है। इधर जावरा से वीरेंद्र सिंह सोलंकी को टिकट दिया गया यहां पहले हिम्मत श्रीमाल उम्मीदवार बनाए गए थे। सुमावली से अजब सिंह कुशवार को टिकट दिया है, पहले इनके स्थान पर कुलदीप सिकरवार को टिकट दिया गया था। पिपरिया से वीरेंद्र बेलवंशी को टिकट दिया गया, यहां से पहले गुरुचरण खरे को टिकट दिया गया था।

Author: Dainik Awantika