आज शरद पूर्णिमा, 18 साल के बाद लग रहा चंद्र ग्रहण 9 घंटे पहले यानी आज शाम 4 बजे से ही लग जाएगा ग्रहण का सूतक

दैनिक अवन्तिका(उज्जैन) शरण पूर्णिमा का पर्व आज शनिवार को रहेगा लेकिन 18 साल के बाइ इस पूर्णिमा पर चंद्रग्रहण लग रहा है। ग्रहण के चलते पर्व फिका पड़ जाएगा। क्योंकि ग्रहण रात में होगा पर इसका सूतककाल दोपहर बाद ही शुरू होने से धार्मिक कार्य सब रूक जाएंगे। ग्रहण तो रात में शुरू होगा लेकिन इसका सूतक 9 घंटे पहले यानी शाम 4 बजे के बाद से शुरू हो जाएगा। इस दौरान मंदिरों में पूजा-पाठ, प्रवेश व स्पर्श आदि सब बंद हो जाएंगे। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पंडित अमर डब्बावाला ने बताया कि अश्विन शुक्ल पूर्णिमा पर 18 साल के बाद चंद्र ग्रहण का योग बना है। इसके पूर्व 2005 में शरण पूर्णिमा पर चंद्रग्रहण लगा था। ग्रहण मेष राशि व अश्विनी नक्षत्र पर होगा।
आज चंद्रग्रहण कब से कब तक जाने
1.04 : बजे रात से चंद्रग्रहण लगेगा
2.23 : बजे रात को ग्रहण समाप्त होगा
1.19 : घंटे की अवधि का होगा ये ग्रहण
4.05 : बजे शाम ग्रहण का सूतक लगेगा
सूतक काल में भोजन शयन करने की मनाही : धर्म, शास्त्र में बताया है कि ग्रहण के सूतक काल के दौरान भोजन, शयन, सांसारिक सुख की क्रियाएं आदि त्यागना चाहिए। बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिला और रोगी के लिए इसमें अन्न-पानी लेने की छूट बताई है। रात 1 बजे बाद चंद्रमा पृथ्वी से ढंकता जाएगा : उज्जैन की शासकीय जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉ. राजेंद्र प्रकाश गुप्त ने कहा कि चंद्रग्रहण का प्रारंभ 28-29 अक्टूबर की मध्य रात 1 बजकर 4 मिनट 8 सेकंड पर होगा। मध्य स्थिति रात 1 बजकर 44 मिनट 1 सेकंड बजे होगी। इस समय चंद्रमा का 12.6 प्रतिशत भाग पृथ्वी की छाया से ढंका हुआ दृष्टिगोचर होगा। मोक्ष रात 2 बजकर 23 मिनट 5 सेकंड बजे हो जाएगा। चंद्रमा का 12.6 प्रतिशत भाग पृथ्वी से ढंका हुआ दिखाई देगा।

Author: Dainik Awantika