इस बार दीपावली 5 नहीं 6 दिन… 

उज्जैन। दीपावली इस बार 5 नहीं 6 दिन तक मनाई जाएगी। ऐसा बीच में एक दिन बड़ा धार्मिक पर्व होने की वजह से होगा। 10 से 15 नवंबर तक त्योहार की धूम रहेगी। 10 नवंबर को धनतेरस पर परंपरा अनुसार दीपावली का पर्व शुरू होगा तो 15 नवंबर को भाई दूज पर इसका समापन होगा। इसके बीच एक दिन सोमवती अमावस्या का पर्व भी रहेगा। सालों बाद ऐसा संयोग बना है जब दिपावली के साथ सोमवती अमावस्या रहेगी। इस दिन शिप्रा में लोग नहान व दान, पुण्य के लिए उमड़ेंगे।

 10 को धनतेरस से शुरू होगा दीपोत्सव तो 15 को मनाई जाएगी भाई दूज….बीच में एक दिन सोमवती अमावस्या का पर्व स्नान भी रहेगा….

उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पंडित अमर डब्बावाला ने बताया कि 10 नवंबर को भगवान कुबेर व धन्वंतरि का पूजन किया जाता है तो इस दिन शाम को यम के निमित्त दीपदान करते हैं। इस दिन पूजन के लिए शुभ मुहूर्त सुबह 6.38 से 10.48 बजे तक है। दोपहर में 12.11 से 1.34 तक व शाम को 4.20 से 5.48 बजे और रात में 8.57 से रात 10.34 तक रहेगा। 11 नवंबर को रूप चतुर्दशी का पर्व मनाया जाएगा। इस दिन अभ्यंग स्नान करने का महत्व है। 12 नवंबर को दीपावली मनाई जाएगी। इस दिन लक्ष्मी पूजन होगा। इसके लिए शुभ समय गोधूलि बेला में शाम 5.42 से रात 10.34 बजे तक रहेगा। 13 नवंबर को सोमवती अमावस्या पर्व रहेगा। इस दिन केवल देवपितृ कार्य किया जा सकेगा। स्नान, दान होगा। पितरों के निमित्त पूजन, पिंडदान, तर्पण आदि कराए जा सकेंगे। 14 नवंबर को गोवर्धन पूजा व अन्नकूट महोत्सव होगा व 15 नवंबर को भाई दूज का पर्व मनाया जाएगा। इस दिन बहनें भाई को घर बुलाकर तिलक कर भोजन कराएगी। इस तरह से दीपावली का यह पर्व इस बार 6 दिन तक चलने वाला है।