महाकाल दर्शन करने आये वृद्ध से छीना झोला

दैनिक अवंतिका(उज्जैन) महाकाल दर्शन करने आये वृद्ध पर रविवार-सोमवार रात तीन अज्ञात युवको ने हमला कर झोला छीन लिया। जिसमें 22 सौ रूपये रखे थे। पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज कर घायल वृद्ध को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। भिंड के डिडोना पावई से ध्यानगिरी पिता रामसुन्दर राठौर 70 वर्ष महाकाल दर्शन और उज्जैन भ्रमण पर 2 दिन पहले आये थे। बीती रात पैदल हरसिद्धी की पाल से गुजर रहे थे, उसी दौरान नशे की हालत में तीन बदमाश युवको ने बिना कारण गाली-गलौच करना शुरू कर दिया। वृद्ध ध्यानगिरी ने गाली देने से रोका। युवको ने उनका डंडा छीनकर मारपीट शुरू कर दी। ध्यानगिरी सिर में चोंट लगने से लहूलुहान हो गये और गिर पड़े। युवक उनका झोला लेकर भाग निकले। लोगों की मदद से घायल वृद्ध को जिला अस्पताल लाया गया। मामले में महाकाल पुलिस ने मारपीट का प्रकरण दर्ज किया है। घायल वृद्ध का कहना था कि झोले में 22 सौ रूपये रखे हुए थे, जो बदमाश लेकर गये है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।