तापमान में उतार-चढ़ाव से फैल रहा सर्दी-जुखाम का वायरल -कड़ाके की ठंड का इंतजार, सूना पड़ा गरम कपडो का बाजार

दैनिक अवंतिका(उज्जैन) नवंबर माह का दूसरा सप्ताह भी तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच गुजर रहा है। जहां दिन में गर्मी महसूस हो रही है, वहीं रात में ठंडक बनी हुई है। सुबह हवा से ठिठुरन बनी हुई। जिसके चलते लोगों में सर्दी-जुखाम का वायरल फैलने लगा है। मौसम विभाग की माने तो कड़ाके की ठंड के लिये कुछ दिनों का इंतजार करना पड़ सकता है।जीवाजीराव वेधशाला के आंकड़ों के अनुसार विगत पांच दिन से दिन का तापमान 33 डिग्री के आसपास के बना हुआ है। वहीं रात के तापमान में उतार-चढ़ाव दिखाई दे रहा है। बुधवार-गुरूवार रात तापमान में एक डिग्री की तेजी आई और 17.2 डिग्री दर्ज हुआ। इससे पहले तापमान 16 डिग्र्री पर आ गया था। हवा का रूख भी बदला हुआ है और 2 से 4 किमी. प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही है। हवा का रूख बदले के बाद ही ठंडक में तेजी आयेगी। फिलहाल कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड पडऩे का अनुमान दिखाई नहीं दे रहा है। वर्तमान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। जिसके चलते तापमान में गिरावट नहीं आयेगी और दिन-रात के तापमान में भी उतार-चढ़ाव बना रहेगा। अस्पतालों में दिखने लगी मरीजों की भीड़ मौसम में आ रहे बदलवा के चलते लोगों का स्वास्थ्य बिगडऩे लगा है। सर्दी-जुखाम ने बच्चों-बुजुर्गो सभी को अपनी चपेट में ले लिया है। जिसके चलते अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ती दिखाई दे रही है। डॉ. जितेन्द्र शर्मा ने बताया कि तापमान में आ रहे उतार-चढ़ाव के चलते लोगों का शरीर तापमान के अनुरूप ढल नहीं पा रहा है, जिसके चलते सर्दी-जुकाम का वायरल फैल रहा है। कभी शरीर ठंडा तो कभी गर्म महसूस होने से इस तरह की परेशानी सामान्य है, लेकिन लापरवाही नहीं बरतना है। डॉक्टरों की सलाह पर उपचार जरूरी है।