इंदौर। इंदौर अब स्वच्छता के सातवें आसमान पर है। पहली बार सूरत को भी संयुक्त तौर पर सबसे स्वच्छ शहर बन गया। स्वच्छता हमारे संस्कार में है, इसलिए हम नंबर वन हैं। गुरुवार को दिल्ली के भारत मंडपम में समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पुरस्कार लिया। इस दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगमायुक्त हर्षिका सिंह भी मौजूद थे। तीसरे स्थान पर नवी मुंबई को मिला। महू कैंटोनमेंट बोर्ड को देश का सबसे स्वच्छ कैंटोनमेंट बोर्ड का पुरस्कार मिला।
वर्ष 2017 से इंदौर स्वच्छ सर्वेक्षण में नंबर वन आ रहा है।
इस बार भी इंदौर स्वच्छता के सातवें आसमान पर बैठ गया है। जनभागीदारी, नवाचारों और आपसी समन्वय वाले जज्बे ने ही हमें देश के दूसरे शहरों से आगे बनाए रखा है। स्वच्छता हमारा संस्कार तो था ही अब यह हमारी परंपरा भी बन गई है। इंदौरियों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि हम जो ठान लेते हैं उसे पाकर ही रहते हैं।
इंदौर को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी कह चुके हैं कि दूसरे शहर जब किसी बात को करने का सोचते हैं इंदौर उसे कर चुका होता है। आज जब देश के दूसरे शहर स्वच्छता का महत्व समझकर इसे अपनाने के बारे में विचार कर रहे हैं, हम स्वच्छता का सातवा आसमान छू चुके हैं। इंदौरियों में सफलता को पाने का जज्बा भी है और हौसला भी। स्वच्छता को लेकर कहा जाता है कि यह यहां के लोगों की सिर्फ आदत नहीं बल्कि त्योहार और संस्कार है।
समारोह के साक्षी बनने के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगमायुक्त हर्षिका सिंह, अपर आयुक्तगण, महापौर परिषद के सदस्य, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक (सीएसआई), सात सफाई मित्र, दो दरोगा दिल्ली पहुंच चुके हैं। इसके अलावा मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर से दिल्ली पहुंच गए हैं वह भी समारोह में शामिल हुए। शहरवासी भी इस समारोह के साक्षी बनें इसके लिए नगर निगम ने शहर के प्रमुख पर समारोह के सीधे प्रसारण की व्यवस्था की है।
इंदौर मनाएगा जश्न, मुख्य चौराहों पर होगा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
दिल्ली में आयोजित इस समारोह को लेकर इंदौरवासियों में जबरदस्त उत्साह है। इंदौरवासी भी इस कार्यक्रम के साक्षी बन सकें इसके लिए नगर निगम ने शहर के मुख्य चौराहों पर कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की व्यवस्था भी की है। जगह-जगह मिठाई भी बांटी जाएगी। अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर ने बताया कि राजवाड़ा, बड़ा गणपति, महू नाका, मेघदूत चौराहा, 56 दुकान, निगम मुख्यालय सहित चौराहों पर एलईडी स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गई है। इन जगहों पर आमजन के बैठने की व्यवस्था भी रहेगी। निगमकर्मी भी इन चौराहों पर जनता के साथ ढोल ताशों के साथ जश्न में शामिल होंगे। 56 दुकान पर भी सफाई मित्रों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
राजवाड़ा पर होगा मुख्य समारोह
इंदौर नगर निगम की टीम राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार लेकर गुरुवार रात करीब 8.30 बजे तक दिल्ली से इंदौर पहुंच जाएगी। टीम के सदस्य एयरपोर्ट से सीधे राजवाड़ा पहुंचेंगे। यहां देवी अहिल्या के चरणों में माल्यार्पण करने के बाद जश्न मनाया जाएगा। ढोल ताशे के साथ-साथ निगमकर्मी, सफाईमित्र, अधिकारी, कर्मचारी उल्हासभर आयोजन में शामिल होंगे। इस मौके पर मिठाई वितरण भी किया जाएगा। कोई भी आम शहरी इस कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी खुशी का इजहार कर सकेगा। यह आयोजन सभी के लिए खुला रहेगा।