चाकू की नोंक पर 45 हजार लूटने वाला दूसरा आरोपी रिमांड पर

दैनिक अवन्तिका(उज्जैन) इंदौररोड रामवासा के समीप पेट्रोल पंप संचालक और उसके भानेज के साथ हुई 45 हजार रूपये की लूट में फरार दूसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। वारदात के कुछ घंटे बाद एक आरोपी गिरफ्त में आ गया था। जिसे गुरूवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया था। बुधवार-गुरूवार रात 3 बजे यथार्थ फिलिंग स्टेशन संचालक देवेश शर्मा और उसके भानेज अभिषेक के साथ स्कार्पियों में आये चार बदमाशों ने रामवासा के समीप उनकी कार को रोक 45 हजार रूपये लूट लिये थे। देवेश ने बदमाशों की स्कार्पियों का पीछा किया था, जो टोल नाके का बेरियर तोड़कर भागी थी। देवेश ने वारदात की खबर पुलिस को दी थी, पुलिस ने रात में घेराबंदी के साथ नाकेबंदी की और पांड्याखेड़ी के समीप से एक बदमाश महेश भिलाला को पकड़ लिया था। उसके साथी स्कार्पियों छोड़कर भाग निकले थे। महेश ने पूछताछ में अपने साथियों की जानकारी पुलिस को दी थी। पुलिस ने गुरूवार दोपहर उसे न्यायालय में पेश कर 10 फरवरी तक रिमांड पर लिया और फरार तीन साथियों की तलाश में एक टीम शाजापुर के दुपाड़ा रवाना की। जहां से रात में दूसरे साथी चेतन चावरे को गिरफ्तार कर उज्जैन लाया गया। जिसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर तीन दिनों की रिमांड पर लिया गया है। नानाखेड़ा पुलिस के अनुसार 2 फरार बदमाशों की तलाश में एक टीम शाजापुर गई हुई है। जिनकी गिरफ्तारी के बाद लूट की राशि बरामद की जाएगी। बदमाश चेतन शाजापुर का हिस्ट्रीशिटर बदमाश है। उसके साथियों के खिलाफ भी कई अपराध दर्ज है।