रात 12 बजे ट्रक की चपेट में आया मेडिकल संचालक, मौत

(उज्जैन) मेडिकल बंद करने के बाद घर लौट रहे संचालक को ट्रक ने टक्कर मार दी। पहिया ऊपर से गुजरने पर संचालक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक जप्त किया है। चालक की तलाश की जा रही है। मृतक 2 विकलांग बच्चों का पिता था।मंगलनगर में रहने वाला सुनील पिता मुन्नालाल चौधरी 42 वर्ष हरसिद्धी मंदिर के पास चौधरी मेडिकल चलाता था। प्रतिदिन रात 11.30 बजे मेडिकल बंद करने के बाद 12 बजे तक घर लौटता था। शुक्रवार-शनिवार रात भी बाइक से घर लौट रहा था। आगररोड पर विश्वकर्मा लघु उद्योग के सामने उसे पीछे से आये ट्रक ने टक्कर मार दी। गिरने पर ट्रक का पिछला पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। दुर्घटना की खबर मिलने पर चिमनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई थी। जिन्होने मृतक की पहचान कर ली। परिजन सूचना मिलने पर घटनास्थल पहुंच गये थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल पहुंचाया और ट्रक को जप्त कर मामले में चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का प्रकरण दर्ज किया। पुलिस के अनुसार ट्रक क्रमांक आरजे 09 जीई 0206 है। नबंर के आधार पर मालिका का पता लगाकर चालक की गिरफ्तारी की जाएगी। इंदौर रोड हाइवे पर हुआ एक्सीडेंट शुक्रवार रात इंदौररोड हाइवे पंथपिपलाई में भी एक्सीडेंट हुआ। पैदल युवक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया था। नानाखेड़ा पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर शव को जिला अस्पताल पहुंचाया। शनिवार सुबह मृतक की तलाशी लेने पर उसके पास से आधार कार्ड और मोबाइल मिला। पुलिस ने मोबाइल में दर्ज नबंरों पर कॉल किया। मृतक विष्णु पिता शिवनारायण अहिवार 40 वर्ष दुपाड़ा शाजापुर होना सामने आया। जानकारी मिलने पर भाई लखन अस्पताल पहुंचा और शिनाख्त की। दोपहर में दुपाड़ा से परिजन भी अस्पताल पहुंच गये। भाई ने बताया कि विष्णु उज्जैन में रहकर पंथपिपलाई में र्इंट भट्टे पर काम करता था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। अंतिम संस्कार के लिये शव दुपाड़ा ले जाया गया है। परिजनों के लौटने पर पुलिस बयान दर्ज कर अज्ञात वाहन का पता लगायेगी।