दैनिक अवन्तिका(उज्जैन) हफ्ता नहीं देने पर शुक्रवार-शनिवार रात ढाबा संचालक की हत्या का प्रयास करने वाला बदमाश इंदौर में छुपा था। रात में पुलिस पहुंची और इंदौर पुलिस की मदद से फ्लेट में छुपे बदमाश को पकड़ा। रविवार दोपहर न्यायालय में पेश कर 2 दिनों की पूछताछ के लिये रिमांड पर लिया गया है। पंथ पिपलाई में रहने वाले रविन्द्र पिता दरबारसिंह राठौर ग्राम रामवासा में वृद्धावन ढाबे संचालित करता है। शुक्रवार-शनिवार रात 12 बजे कोकलाखेड़ी में रहने वाले हिस्टीशिटर बदमाश नागेन्द्र उर्फ नागूसिंह ठाकुर ने हफ्ता नहीं देने की बात पर अपने तीन साथियों के साथ मिलकर चाकू से हमला कर हत्या का प्रयास किया था। रविन्द्र के गंभीर घायल होने पर नानाखेड़ा पुलिस ने धारा 327, 34 का प्रकरण दर्ज कर बदमाश और उसके साथियों की तलाश शुरू की। चाकू मारने के दौरान बदमाश का साथी अपनी पल्सर बाइक क्रमांक एमपी 13 झेडबी 2378 वहीं छोड़कर भाग था। जिसे पुलिस ने जप्त कर, हिस्ट्रीशिटर बदमाश की तलाश में कोकलाखेड़ी पहुंचकर दबिश दी। लेकिन फरार होना सामने आया। देर शाम सूचना मिली कि बदमाश नागेन्द्र इंदौर के छोटा बांगड़ के एक फ्लेट में छुपा है। एसआई अनिल ठाकुर टीम के साथ बदमाश को गिरफ्तार करने पहुंचे। फ्लेट चौथी मंजिल पर था और ताला लगा था। आसपास तलाश की गई, बदमाश की थार गाड़ी पार्किंग में खड़ी दिखाई दी। उसके फ्लेट में छुपे होने की शंका में स्थानीय पुलिस की मदद से दरवाजा खोलने का प्रयास किया गया। लॉक तोड़ने पर नागेन्द्र अंदर शराब के नशे में मिला। जिसे हिरासत में लेकर थार गाड़ी जप्त कर रात 3 बजे पुलिस वापस लौट आई। रविवार दोपहर को उसे न्यायालय में पेश कर 2 दिनों की पूछताछ के लिये रिमांड पर लिया गया है। रिश्तेदार के नाम पर किराये से लिया फ्लेट बताया जा रहा है कि हिस्ट्रीशिटर बदमाश ने इंदौर के छोटा बांगड में रिश्तेदार के नाम से फ्लेट किराये से ले रखा है। शहर में वारदात के बाद वह छुपने के लिये फ्लेट में पहुंच जाता था। ढाबा संचालक की हत्या का प्रयास करने के बाद वह इंदौर भाग निकला था। उसने फ्लेट में जमकर शराब पी थी और खाना बनाया था। दरवाजा अंदर से लॉक कर रखा था। जिसे पुलिस ने बमुश्किल खोलकर उसे बाहर निकाला। बदमाश ने ढाबा संचालक पर 21 जनवरी को भी हमला किया था। उस दौरान भी नानाखेड़ा पुलिस ने मामला दर्ज किया था, लेकिन बदमाश फरार चल रहा था। घायल रविन्द्र ने आरोप लगाया था कि अगर पुलिस उसे गिरफ्तार कर लेती तो दोबारा हमला करने नहीं आता। जिसके बाद पुलिस ने सरगर्मी से उसकी तलाश शुरू की थी।
चाकू बरामदगी और साथियों की तलाश एसआई अनिल ठाकुर ने बताया कि बदमाश से रिमांड अवधि में चाकू बरामद करने के साथ उसके साथियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। ढाबा संचालक पर हमले के दौरान वहां लगे कैमरो के फुटेज भी सामने आये थे। जल्द उसके तीनों साथियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। हिस्ट्रीशिटर बदमाश के पुराने अपराधिक रिकार्ड भी देखे जा रहे है। उसयके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।