सवा मन फूलों से सजा महाकाल पर सेहरा, पहने स्वर्ण त्रिकुंड

दूल्हा रूप में श्रृंगारित ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर भक्त हुए निहाल

ब्रह्मास्त्र. उज्जैन।

विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि के दूसरे दिन भगवान महाकाल ने आज शनिवार प्रातः दूल्हा रूप में सजे और इसी स्वरूप में भक्तों को दर्शन दिए। ब्रह्ममुहूर्त में 4 बजे भगवान महाकाल का सवा मन फूलों और सप्त धान का सेहरा सजाया गया। स्वर्ण त्रिकुंड, कुंडल, चांदी का छत्र ,सप्त धान का मुखौटा और नए वस्त्र धारण कराए गए। सुबह 6 बजे सेहरा आरती हुई। इस दौरान करीब सवा लाख बिल्व पत्र भी अर्पित किए। मध्याह्न 12 बजे भस्मारती हुई। दिन में यह आरती वर्ष में एक बार ही होती है। भस्मारती में शामिल होने के लिए दर्शनार्थियों में अपार उत्साह था। दूल्हा स्वरूप में भगवान के दर्शन कर भक्त निहाल हुए।