खेतों में काम कर रहे किसानों पर जंगली सूअरों का हमला -दो की हालत गंभीर, रतलाम किया गया रैफर

दैनिक अवन्तिका
उज्जैन। ग्रामीण इलाको में जंगली सूअरों का आतंक सामने आ रहा है। बुधवार को खेतों में काम कर रहे दो किसानों पर सूअरो के झुंड द्वारा हमला किया जाना सामने आया है। दोनों गंभीर घायल हुए है। जिन्हे उपचार के लिये रतलाम रैफर किया गया है। सूअरों की वजह से किसानों और फसल कटाई कर रहे मजदूरों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
खाचरौद के ग्राम ऊंचाहेड़ा में किसान मदनसिंह अपने खेत पर काम कर रहा था। उसी दौरान जंगली सूअरों का एक झुंड खेत में घुस आया और पीछे से किसान पर हमला कर दिया। वह बचकर उठ पाता उससे पहले ही सूअरो रौंदना शुरू कर दिया। लहूलुहान हो चुके किसान की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान उसे बचाने के लिये पहुंचे और सूअरों को खदेड़ा, लेकिन मदनसिंह गंभीर घायल हो चुका था। उसे निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया। जहां से उपचार के लिये रतलाम रैफर कर दिया गया। ऐसा ही मामला ग्राम बांगरोद से सामने आया, जहां खेत में काम करते समय किसान आकाश पिता प्रहलाद पर भी सूअरों ने हमला किया और घायल कर दिया। उसे भी परिजन और ग्रामीण खाचरौद अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां रतलाम रैफर किया गया है। किसानों का कहना है कि पहली बार ग्रामीण इलाको में जंगली सूअरों का आतंक दिखाई दिया है। जो आसपास से खेतों में घुस आते है। किसानों पर हमला करने के साथ फसल को भी नुकसान पहुंचा रहे है। बताया जा रहा है कि दो किसानों पर जंगली सूअरों के हमले की खबर मिलने पर वन विभाग की टीम पहुंची थी, लेकिन सूअर जंगलों की ओर भाग निकले थे। वन विभाग की टीम सूअरों के हमले रोकने की योजना तैयार करने में लगी हुई है। कुछ ग्रामीण इलाको में फंदे पर लगाये गये है।

Author: Dainik Awantika