उज्जैन। लोडिंग वाहन चालक ने दादागिरी दिखाते महिला आरक्षक से अभद्रता की और सैनिक का धक्का देकर नो व्हीकल झोन से निकलने का प्रयास किया। महिला आरक्षक से विवाद होता देख एएसआई मौके पर पहुंचा तो चालक ने कॉलर पकड़ ली और मुक्के मारने लगा। महाकाल पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर शासकीय कार्य में बाधा के साथ मारपीट का प्रकरण दर्ज किया है।
महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि हरसिद्धि पाल से रामघाट की ओर जाने वाला मार्ग नो व्हीकल झोन घोषित किया गया है। जहां यातायात एएसआई अंतरसिंह पिता हेमराज यादव 58 वर्ष की ड्युटी लगी थी। वह महिला आरक्षक कल्पना और सैनिक महेन्द्र के साथ तैनात थे। उसी दौरान लोडिंग वाहन लेकर चालक वहां पहुंचा और नो व्हीकल झोन से निकलने लगा। महिला आरक्षक ने उसे रोका तो अभद्रता शुरू कर दी, सैनिक ने उसे समझाने का प्रयास किया लेकिन उसे भी धक्का दे दिया। यह देख एएसआई यादव पहुंचे। चालक ने गाली-गलौच शुरू कर दी और धमकाने लगा कि जहां देखों बेरिकेट्स लगाकर रास्ते बंद कर देते हो। मैं तो यही से निकलकर जाऊंगा, उसने बेरिकेट्स हटाने का प्रयास किया एएसआई ने चालक को पकडऩे का प्रयास किया तो उसने कॉलर पकड़ ली और मुक्के मारने लगा। लोगों की मदद से चालक को पकड़ा गया और मामले की सूचना महाकाल थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने हरसिद्धि पाल पहुंचकर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार लोडिंग वाहन चालक सचिन पिता राजू जटिया निवासी जयसिंहपुरा है। जिसके खिलाफ एएसआई की शिकायत पर धारा 353, 332, 294, 323, 506 का प्रकरण दर्ज किया गया है। जिसे बुधवार दोपहर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गयाi