लोकसभा चुनाव से पहले 9 और आईएएस अधिकारियों के तबादले, इंदौर श्रम आयुक्त संजय गुप्ता नए उज्जैन कमिश्नर

भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर 9 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए गए। मध्य प्रदेश सामान्य प्रशासन विभाग ने लोकसभा चुनाव की तारीखों के एलान से पहले ये तबादले किए हैं। इससे पहले 14-15 मार्च की देर रात 37 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए गए थे। नई सूची के अनुसार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और उज्जैन कमिश्नर संजय गोयल को तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग में सचिव बनाया गया, जबकि इंदौर श्रम आयुक्त संजय गुप्ता को उज्जैन कमिश्नर बनाया गया है।
रीवा में अपर आयुक्त पद पर पदस्थ छोटे सिंह को राजस्व विभाग ग्वालियर संभाग में अपर आयुक्त बनाया गया है। स्वप्निल जी वानखेड़े को सतना कलेक्टर बनाया गया है। सपना जैन को सतना जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। इनके अलावा आईएएस सपना निगम, आईएएस राजीव रंजन मीना, ऋषि गर्ग का भी तबादला किया गया है। रेखा राठौर को खरगोन का अपर कलेक्टर बनाया।

सिंधिया की नाराजगी पर हटाए गए गुना कलेक्टर अमनबीर सिंह !

इसके पूर्व लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी मोहन सरकार ने आचार संहिता लगने से पहले गुरुवार रात्रि साढ़े तीन बजे चार कलेक्टर सहित 37 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इसमें गुना, पन्ना, शहडोल और सिंगरौली के कलेक्टर बदले गए हैं। इसमें पूर्व मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के बेटे गुना कलेक्टर अमनबीर सिंह को हटाकर प्रबंध संचालक ऊर्जा विकास निगम बनाया है। इसे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की नाराजगी से जोड़कर देखा जा रहा है। विकास भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच से फटकार लगाते हुए कलेक्टर से कहा था इधर मंच पर रहो, नीचे नहीं जाने का। एसपी कहां है, बुलाओ और मंच पर खड़े रहो।