9 अप्रैल से शुरू होगा हिंदू नववर्ष विक्रम  संवत 2081, लोगों के लिए शुभ होगा 

 

– वर्ष राजा मंगल, मंत्री शनि रहेंगे, दोनों धर्म के कार्य में वृद्धि करने वाले  

 

दैनिक अवंतिका उज्जैन।   

9 अप्रैल को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा गुड़ी पड़वा हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2081 लग रहा है। इस बार यह आम लोगों के लिए शुभ रहेगा। क्योंकि वर्ष का राजा मंगल व मंत्री शनि होने से दोनों धर्म के कार्यों में वृद्धि करेंगे जो धार्मिक नगरी उज्जैन के लिए मंगलकारी होंगे। इस बार पिंगल नाम का संवत्सर लग रहा है। 

उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पंडित अमर डब्बावाला ने बताया विक्रम संवत् 2081 की शुरुआत 8 अप्रैल सोमवार की रात 11 बजकर 55 मिनट पर प्रतिपदा तिथि लगने के साथ होगी। लेकिन सूर्योदय से तिथि प्रतिपदा मान्य होने से 9 अप्रैल की सुबह नववर्ष का स्वागत किया जाएगा। मंगल व शनि के रहते दोनों कई तरह के प्रभाव भी दिखाएंगे इससे घटनाएं-दुर्घटनाएं भी होगी लेकिन वर्षभर की स्थिति देखे तो यह सब के लिए लाभकारी रहेंगे। 

इस साल अच्छी वर्षा, फसल 

होगी तो प्रजा सुखी रहेगी 

इस साल वर्षा अच्छी होगी इससे फसल भी खूब होगी तो जाहिर है प्रजा भी सुखी और संपन्न होगी। रस वाले पदार्थों का उत्पादन अच्छा होगा। कई बार जनता का प्रभाव सत्ता पर अधिक दिख सकता है। देश में धर्म के कार्य अधिक होंगे। जनहित के कार्यों में राजा का फोकस अधिक रहेगा। विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं का प्रभाव भी बढ़ेगा।

4 राशियों के लिए नया साल 

विशेष फल देने वाला होगा 

नव संवत् 2081 चार राशी वालों को विशेष फल देने वाला रहेगा। जिसमें मेष, वृषभ, कर्क और कुंभ राशि शामिल है। ज्योतिषियों की माने तो मेष वालों को गुरु की शुभ स्थिति का लाभ मिलेगा। वृषभ वालों को गुरु का गोचर इनकी राशि में होगा। कर्क काे शनि की ढैय्या के प्रभाव में कुछ कमी आएगी और राहत होगी। कुंभ के लिए चंद्रमा का राजा और शनि का मंत्री होना लाभकारी है। प्रचलित मत से मंगल का राजा होना भी इनके लिए शुभ रहने वाला है।

–