होली पर साल का पहला चंद्रग्रहण लेकिन सूतक नहीं होगा मान्य

ब्रह्मास्त्र उज्जैन

होली 25 मार्च को साल का पहला चंद्र ग्रहण होगा। हालांकि ज्योतिषियों का यह कहना है कि भारत में चंद्र ग्रहण नहीं दिखाई देगा इसलिए सूतक काल मान्य नहीं रहेगा। ज्योतिषियों के अनुसार इस बार की होली खास है क्योंकि साल का पहला चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। यह उपच्छाया चंद्रग्रहण होगा जो भारतीय समय के अनुसार सोमवार 25 मार्च को सुबह 10.23 मिनट से शुरू होगा। होली पर साल का यह पहला चंद्र ग्रहण होगा।

ग्रहण का समापन दोपहर 3 बजकर 02 मिनट पर होगा। हालांकि भारत में इस चंद्र ग्रहण को नहीं देखा जा सकेगा। इस कारण से इसका सूतक काल मान्य नहीं होगा। जब सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा एक सीधी रेखा में हो, जिससे पृथ्वी, सूर्य के प्रकाश को चंद्रमा तक पहुंचने से रोक देती है तो चंद्र ग्रहण की खगोलीय घटना होती है। चंद्रग्रहण तीन प्रकार के होते हैं-पूर्ण चंद्रग्रहण, आंशिक चंद्रग्रहण और उपछाया चंद्रग्रहण। इधर शहर में होली का त्योहार उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। रविवार की दरमियानी रात शहर में करीब सौ से अधिक स्थानों पर होली का दहन होगा और फिर दूसरे दिन सोमवार को धुलंडी का त्यौहार मनाया जाएगा। कहीं हुरियारों की टोली आनंद और मस्ती का रंग बिखेरेगी तो कहीं अबीर और गुलाल उड़ाया जाकर मस्ती का त्योहार मनाया जाएगा। हालांकि इस बार लोकसभा चुनाव होने के कारण पुलिस प्रशासन की सख्ती कुछ अधिक रहेगी बावजूद इसके मालवा अंचल के उज्जैन में इस होली के त्योहार को उमंग के साथ मनाने की परंपरा अवश्य ही कायम रहेगी। होली के त्योहार के मद्देनजर उज्जैन की पुलिस एक्टिव हो गई है। हालांकि लोकसभा चुनाव के कारण भी कुछ ज्यादा ही सख्ती दिखाई दे रही है लेकिन शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस के जवान मुस्तैदी से ड्यूटी दे रहे है वहीं दो पहिया वाहनों पर तीन सवारियां बैठाने वालों को भी बख्शा नहीं जा रहा है।

Author: Dainik Awantika