साक्ष्य मिटाकर कर्ज में डूबो दिया था, साथी पर केस दर्ज

दैनिक अवंतिका(उज्जैन) 17 माह पहले सुसाइड करने वाले युवक के मामले में पुलिस ने परिजनों और साथियों के बयान दर्ज करने के बाद अपनी जांच पूरी की और मृतक के साथी कारोबारी के खिलाफ साक्ष्य मिटाकर कर्ज में डूबोकर आत्महत्या के लिये प्रेरित करने का प्रकरण दर्ज कर लिया। आरोपित साथी कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गंगानगर दुर्गा कालोनी में रहने वाला धर्मेन्द्र पिता राम वर्मा 30 वर्ष टाईल्स का कारोबार करता था। वर्ष 2022 में उसके साथ मिलकर मोहन पिता हरूमल खत्री निवासी अब्दालपुरा भी कारोबार करने लगा। उसने धर्मेन्द्र को चूना लगाना शुरू किया और कारोबार से जुड़े साक्ष्य मिटाना शुरू कर दिये। धर्मेन्द्र को नुकसान होने लगा और वह कर्ज में डूब गया। मोहन से पूछताछ करने और कारोबार का हिसाब मांगने पर वह गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी देना लगा। धर्मेन्द्र ने उसकी हरकतों से प्रताडि़त होकर 12 अक्टूबर 2022 को जहरीला पदार्थ खा लिया। जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम करने के बाद जांच शुरू की। मृतक के पत्नी, परिजनों के बयान दर्ज किये। जिसमें मोहन खत्री के द्वारा गड़बड़ी करने और प्रताडि़त करने की जानकारी सामने आई। गुरूवार रात पुलिस ने मामले में धारा 306, 201, 294, 506 का प्रकरण दर्ज कर अब्दालपुरा से आरोपित को हिरासत में ले लिया।