तापमान पहुंचा 40 डिग्री पार, गर्मी से बेहाल हुए लोग

उज्जैन। 18 अप्रैल के बाद से अधिकतम तापमान 38-39 डिग्री के आसपास बना हुआ था। वहीं न्यूनतम तापमान में तेजी आई थी, 24 अप्रैल के आसपास पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश ने दस्तक देकर मौसम बदल दिया था। अब आसमान पूरी तरह से साफ हो चुका है और गर्मी ने अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में धूप तीखी होने पर पसीने छूटने लगे थे। जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार गुप्त ने बताया कि तापमान में तेजी आने के साथ सुबह की आर्द्रता 28 और शाम की 11 प्रतिशत रह गई थी। हवा 4 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही थी। आगामी एक सप्ताह तक भीषण गर्मी पढ़ने का अनुमान दिखाई दे रहा है। इस बीच तापमान 44 डिग्री को पार कर सकता है। 10-12 मई के बाद मौसम में बदलवा आ सकता है, लेकिन 20 मई बाद फिर से तापमान में तेजी आना शुरू हो जाएगी। इस जून का प्रथम सप्ताह भी भीषण गर्मी के बीच गुजर सकता है। शुक्रवार को तापमान में आई तेजी के बाद लोगों का गर्मी से हाल बुरा होने लगा था। एसी-कूलर के बिना चैन नहीं मिल पा रहा था। तापमान में आई तेजी के बाद बाजार में कूलर की डिमांड पर काफी अधिक बढ़ गई है।